लोकल सिस्टम एक्टिव, फिर बदला शहर का मौसम
भोपाल
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ने एक बार फिर प्रदेश के लोकल वेदर सिस्टम को एक्टिव कर दिया और यहां पर फिर बारिश का हल्का दौर लौट आया है। वैसे तो प्रदेश से मानसून विदा हो चुका है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ने लोकल सिस्टम को एक्टिव कर दिया है, इस कारण मौसम ने करवट बदली। इसके बाद कई जिलों में बारिश शुरू हो गई। राजधानी में कल शाम से बूंदाबांदी के बाद तेज बारिश का सिलसिला शुरू कुछ देर के लिए शुरू हुआ था। इससे पूरा शहर तरबतर हो गया। इसके अलावा सागर में भी तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई।
चलता रहेगा बूंदाबांदी का दौर
अगले 36 घंटों के बारे में मौसम विभाग का अनुमान है कि बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमीयुक्त हवाओं के कारण इंदौर, भोपाल समेत प्रदेश के कुछ जिलों में बूंदाबांदी होती रहेगी। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण ऐसा हो रहा है, क्योंकि चक्रवात के कारण प्रदेश में हल्की नमी मिली है। अचानक होने वाली बारिश ने शहर में लोगों की मुसीबत भी बढ़ा दी है। कई इलाकों में बिजली गुल होने के अलावा सड़कों पर कीचड़ भी पसर गया है। खासकर कॉलोनी की सड़कों पर लोगों को गुजरने में परेशानी हो रही है।
