मोटापे पर नियंत्रण के लिए किए जाएंगे विविध आयोजन

दुर्ग। मोटापा ठीक नहीं है, इससे तमाम बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है। इस बात का संदेश देते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 26 अक्टूबर को विश्व मोटापा दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान लोगों को मोटापे से होने वाली बीमारियों के बारे में जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। शिविर एवं अन्य जागरुकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को मोटापे की वजह से होने वाली संभावित परेशानियों से अवगत कराते हुए मोटापे की रोकथाम व नियंत्रण हेतु उपाय भी बताए जाएंगे।

इस सम्बन्ध में संचालनालय स्वास्थ्य सेवायें छत्तीसगढ़ द्वारा सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को पत्र जारी कर सूचित किया गया है। पत्र में जारी निदेर्शों के अनुसार आने वाले 26 अक्टूबर को विश्व मोटापा दिवस मनाया जाएगा। विश्व मोटापा दिवस के लिए इस वर्ष की थीम हर शरीर को हर एक की जरूरत है निर्धारित की गयी है। इस अवसर पर जिला व ब्लॉक स्तर पर कई प्रेरक गतिविधियां आयोजित जायेंगी। खान-पान में बदलाव एवं जीवन शैली में परिवर्तन की वजह से विश्व में मोटापा अधिक बढ़ रहा है। मधुमेह, हृदय अघात एवं अन्य कई घातक रोग मोटापे के कारण हो रहे हैं। जीवन शैली में परिवर्तन के कारण भारत के विशेषकर शहरी क्षेत्र के लोग अधिक मोटापे का शिकार हो रहे हैं। ऐसे में मोटापे की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए सामूहिक प्रयास किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

सीएमएचओ डॉ. गम्भीर सिंह ठाकुर ने बताया जिले में आगामी 26 अक्टूबर को वर्ल्ड ओबेसिटी डे मनाया जाएगा। मोटापे से सम्बंधित निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर में बॉडी मॉस इंडेक्स, लिपिड प्रोफाइल, रक्तचाप एवं मधुमेह रोग की जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी। रेलवे स्टेशन, बस स्टाप व सिनेमा घर जैसे सार्वजनिक स्थलों पर मोटापा नियंत्रण से संबंधित प्रेरक ब्रोशर एवं पैम्पलेट बांटे जाएंगे। चौक-चौराहों पर होर्डिंग एवं बैनर्स लगाए जाएंगे। स्वस्थ भोजन की उपलब्धता पर भी लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *