भारत-पाकिस्तान मैच के दिन सोशल मीडिया से दूर रहेंगी सानिया मिर्जा!

 नई दिल्ली 
भारतीय टेनिस स्टार प्लेयर सानिया मिर्जा टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के मैच वाले दिन सोशल मीडिया से दूर होने की योजना बना रही हैं। उन्होंने ऐसा करने का फैसला भारत पाकिस्तान के मैच के दिन सोशल मीडिया में बनने वाले जहरीले माहौल की वजह से लिया है। भारत और पाकिस्तान दो साल बाद आपस में कोई इंटरनेशनल मैच खेलने जा रहे हैं। दोनों देशों के बीच 24 अक्टूबर को ये मैच खेला जाएगा। दुनिया भर के क्रिकेट फैंस को इस मुकाबले का इंतजार है। 

सानिया मिर्जा ने इंस्टाग्राम पर एक रील शेयर करते हुए लिखा,' भारत बनाम पाकिस्तान मैच के दिन मैं जहरीले माहौल से बचने के लिए सोशल मीडिया से गायब हो रही हूं।' उन्होंने रील को कैप्शन देते हुए लिखा बाय-बाय। गौरतलब है कि सानिया मिर्जा ने पाकिस्तान के क्रिकेटर शोएब मलिक के साथ शादी की है। शोएब मलिक को पाकिस्तान ने अपनी टी-20 वर्ल्ड कप टीम में जगह दी है। वो पाकिस्तान के सबसे सीनियर खिलाड़ियों में से एक हैं। 
 
पाकिस्तान भारत को आज तक वर्ल्ड कप में नहीं हरा पाया है। टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें 5 बार भिड़ी हैं और पांचो बार टीम इंडिया को जीत मिली है। महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में टीम इंडिया ने टी-20 वर्ल्ड कप 2007 का खिताब पाकिस्तान को फाइनल में हराकर ही जीता था। दो साल पहले वनडे वर्ल्ड कप 2019 में दोनों टीमों की भिड़ंत हुई थी और भारत ने ये मुकाबला जीता था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *