आतंकियों ने जम्मू में चाट और गोलगप्पे बेचने वाले अरविंद साह को मारी गोली, परिवार में मचा कोहराम

 बाराहाट (बांका) 
बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र की महुआ पंचायत के पड़घड़ी गांव निवासी युवक अरविंद कुमार साह (30) की शनिवार को जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इसकी सूचना युवक के साथ रह रहे कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को फोन पर दी। युवक की हत्या की खबर पर परिजन सहित पूरा गांव दहल गया।

मृतक के परिजनों ने बताया कि पड़घड़ी गांव निवासी देवेंद्र साह का चौथा पुत्र अरविंद कुमार साह विगत आठ वर्षो से जम्मू में रह रहा था। वह वहां चाट व फुचका की दुकान चलाता था। उसका भाई मंटू साह भी साथ ही रहता था। लॉकडाउन में अरविंद घर आ गया था। तीन माह पूर्व वह पुन: जम्मू चला गया। उसकी अब तक शादी नहीं हुई थी। वह हर माह अपने माता पिता को रुपए भेजता था। इधर शनिवार की शाम करीब छह बजे गांव के ही युवक चंदन साह का उसके पिता को फोन आया कि अरविंद को गोली लगी है तथा उसे अस्पताल ले जाया गया है। कुछ देर बाद उसकी मौत की खबर दी गई। अरविंद की मौत की खबर पर कोहराम मच गया। 
 
चुनाव: ऑनलाइन मतगणना की एंट्री नहीं करने वालों पर दर्ज होगी प्राथमिकी
पिता देवेंद्र साह, माता सुनैना देवी, भाई डबलू साह, मुकेश साह सहित अन्य परिजनों की चीत्कार से पूरा गांव गूंज उठा। देखते ही देखते दर्जनों लोगों की भीड़ मृतक के घर उमड़ पड़ी। लोगों को जब अरविंद की मौत की सूचना मिली तो पूरा गांव गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि देवेंद्र साह मजदूरी कर अपने परिवार को पालता था। अरविंद इस परिवार का इकलौता सदस्य था जो जम्मू में रहकर कमाता था।

अरविंद के शव को लाया जाएगा बांका
बारहट के युवक अरविंद कुमार साह की हत्या के बाद बांका विधायक सह पूर्व राजस्व मंत्री रामनारायण मंडल ने बांका डीएम एवं भाजपा नेता सुशील मोदी से बात की। सुशील मोदी के द्वारा बताया गया कि जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से उनकी इस संबंध में बात हुई है तथा जम्मू-कश्मीर प्रशासन 11 लाख रुपये मृतक के परिजनों को मुआवजा के तौर पर देगा। साथ ही बिहार सरकार भी मुआवजा देगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *