तीन दिवसीय इजरायल दौरे पर जा रहे एस. जयशंकर, नेतन्याहू सरकार जाने के बाद पहला दौरा
नई दिल्ली
विदेश मंत्री एस जयशंकर रविवार से तीन दिवसीय यात्रा पर इजरायल जाएंगे, जहां वे द्विपक्षीय संबंधों को लेकर उच्च स्तरीय बैठक करेंगे। इजरायल में नेफ्ताली बेनेट की सरकार बनने के बाद यह भारत से पहली महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय यात्रा होगी । इजरायल के रास्ते में जयशंकर संयुक्त अरब अमीरात में भी रुकेंगे, जहां वह शीर्ष नेतृत्व के साथ कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा है कि विदेश मंत्री एस जयशंकर 17 से 21 अक्तूबर तक इजरायल की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। मंत्रालय के अनुसार, जयशंकर इजरायल के विदेश मंत्री येर लेपिड के निमंत्रण पर जा रहे हैं। बयान में कहा गया है कि विदेश मंत्री के रूप में जयशंकर की यह पहली इजरायल यात्रा है। इस दौरान वे अपने इजरायली समकक्ष येर लेपिड के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, जयशंकर अपनी यात्रा के दौरान वहां के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग, प्रधानमंत्री नेफ्ताली बेनेट तथा वहां की संसद नेसेट के स्पीकर से भी मुलाकात करेंगे। भारत और इजरायल ने जुलाई 2017 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा के दौरान अपने द्विपक्षीय संबंधों को सामरिक गठजोड़ में बदला था। मंत्रालय ने कहा कि इसके बाद से दोनों देश ज्ञान आधारित आपने गठजोड़ को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किए हुए हैं, जिसमें नवोन्मेष एवं शोध तथा 'मेक इन इंडिया' कार्यक्रम को गति प्रदान करने पर जोर दिया जा रहा है।
14 हजार नए केस व 2 लाख से नीचे एक्टिव केस; कोरोना से जंग जीत रहा भारत
विदेश मंत्रालय ने कहा कि विदेश मंत्री जयशंकर इजरायल में भारतीय समुदाय के लोगों, भारतीय छात्रों, कारोबारियों तथा उच्च प्रौद्योगिकी से जुड़े उद्योगों से संबंधित लोगों से भी संवाद करेंगे। जारी बयान के अनुसार, जयशंकर अपनी यात्रा के दौरान प्रथम विश्व युद्ध में इस क्षेत्र में जान न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि भी देंगे।
