राहुल गांधी CWC की बैठक में बोले, लोग चाहते हैं कि कांग्रेस जनता के लिए लड़े, आपस में नहीं
नई दिल्ली
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश के लोग चाहते हैं कि कांग्रेस पार्टी उनके हितों के लिए लड़ाई लड़े और आपस में नहीं लड़े। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में राहुल गांधी ने यह टिप्पणी की। भाषा न्यूज एजेंसी के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी के एक सूत्र ने बताया कि राहुल गांधी ने कहा कि यह मायने नहीं रखता कि कौन किस पद पर है, बल्कि लोग चाहते हैं कि कांग्रेस एकजुट होकर लोकतंत्र एवं संविधान को बचाने, वंचित वर्गों के अधिकार की लड़ाई लड़े। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने चरणजीत सिंह चन्नी के पंजाब का मुख्यमंत्री बनने का उल्लेख किया और कहा कि जब कांग्रेस अध्यक्ष ने इस बारे में चन्नी को फोन पर जानकारी दी, तो वह भावुक हो गए थे।
बाद में चन्नी सीडब्ल्यूसी की बैठक में भावुक हो गए और कहा कि अनुसूचित जाति समुदाय के एक व्यक्ति को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सिर्फ कांग्रेस और गांधी परिवार ही दे सकता है। राहुल गांधी ने कहा कि देश की जनता चाहती है कि कांग्रेस उनके हितों की लड़ाई लड़े। बता दें कि कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के बाद यह तय हो गया है कि पार्टी की कमान अभी करीब एक साल तक सोनिया गांधी के हाथ ही रहेगी। पार्टी ने अध्यक्ष पद के लिए अगले साल अगस्त-सितंबर में चुनाव कराने का फैसला किया है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष का चुनाव अगले साल 21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच होगा। हालांकि, बैठक के दौरान लगभग सभी नेताओं ने राहुल गांधी को ही दोबारा अध्यक्ष बनाए जाने की मांग की। खुद राहुल गांधी ने भी इस विचार करने की बात कही है।
