केरल के इडुक्की जिले में मूसलाधार बारिश से एक व्यक्ति की मौत, CM ने मांगी वायुसेना से मदद

 
तिरुवनंतपुरम

केरल के कई जिलों में पिछले 2-3 दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि राज्य के अंदर 20 अक्टूबर तक बारिश का यही हाल रहने वाला है। केरल का इडुक्की जिला बारिश से बहुत अधिक प्रभावित हो रहा है। जिले के थोडुपुझा इलाके में बारिश की वजह से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। इसके अलावा कोट्टयम इलाके में भूस्खलन की खबर है, जिसके बाद से 12 लोग लापता बताए जा रहे हैं। अभी इलाके में पुलिस और दमकल विभाग की टीम भी नहीं पहुंची है।
 
राज्य के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने बचाव अभियान में भारतीय वायु सेना की मदद मांगी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कोट्टायम के विभिन्न हिस्सों से भूस्खलन की चार घटनाएं हुई हैं। केरल सरकार के एक मंत्री ने कहा है कि कोट्टयम जिले में 4 जगह से भूस्खलन की सूचना मिली है, हमने कूट्टिकल इलाके में फंसे लोगों को बचाने के लिए वायु सेना से मदद मांगी है। आपको बता दें कि शुक्रवार रात से ही केरल के कई जिलों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने राज्य के पांच जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है, जिसमें पठानमथिट्टा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, इडुक्की और त्रिशूर शामिल हैं।

इन राज्यों को रखा गया है हाई अलर्ट पर

केरल के मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ की छह टीमों को पठानमथिट्टा, इडुक्की, अलाप्पुझा, एर्नाकुलम, कोट्टायम और इडुक्की में तैनात किया गया है। सेना की दो टीमों को तिरुवनंतपुरम और कोट्टायम जिलों में तैनात करने का निर्देश दिया गया है, जबकि किसी भी आपात स्थिति में वायु सेना को स्टैंडबाय पर रहने का अनुरोध किया गया है।

केरल में भारी बारिश की वजह से हो रही तबाही को बयां करती कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ रही हैं। ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है, जिसमें बाढ़ के पानी में KSRTC की एक बस फंस गई है। उस बस में यात्री भी हैं, जो पानी में फंस गए हैं। स्थानीय लोग उन यात्रियों के साथ मिलकर रस्सी से बस को खींचने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *