पंपोर एनकाउंटर में मारा गया लश्कर का कमांडर मुस्ताक खांडे, इसी साल की थी 2 पुलिसकर्मियों की हत्या

श्रीनगर
जम्मू कश्मीर में पिछले कुछ दिनों के अंदर स्थानीय लोगों की हत्याएं और जवानों को मारने वाले आतंकियों का ढूंढ-ढूंढकर खात्मा किया जा रहा है। शुक्रवार को पुलवामा और श्रीनगर में ऐसे ही 2 आतंकियों को मार गिराया गया था तो वहीं शनिवार को पुलवामा जिले के पंपोर इलाके में 2 आतंकी ढेर कर दिए गए हैं। इनमें लश्कर का कमांडर मुस्ताक खांडे भी शामल है। ये एनकाउंटर पंपोर के द्रंगबल इलाके में चल रहा था।

इस एनकाउंटर के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस के बड़े अधिकारियों ने बताया है कि मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए हैं। ये एनकाउंटर दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के पंपोर के द्रंगबल इलाके में चल रहा था। आतंकियों के मारे जाने के बाद अभी इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मारे गए आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है।

पुलिस के बड़े अधिकारियों ने बताया कि मुस्ताक खांडे लश्कर का कमांडर था और घाटी के अंदर मौजूद खूंखार आतंकियों में से एक था। कश्मीर जोन पुलिस के मुताबिक, मुस्ताक खांडे का नाम उस टॉप 10 आतंकियों की लिस्ट में शामिल था, जो सुरक्षाबलों ने बनाई थी। इस हिट लिस्ट में मुस्ताक के अलावा सलीम पर्रे, यूसुफ कांट्रो, अब्बास शेख, रेयाज शेटगुंड, फारूक नली, जुबैर वानी, अशरफ मोलवी, साकिब मंजूर और वकील शाह का नाम शामिल है। आपको बता दें कि मुस्ताक खांडे ने ही श्रीनगर के बघट इलाके में इसी साल 19 फरवरी को दो पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या की थी। मारे गए पुलिसकर्मियों के नाम मोहम्मद यूसुफ और सुहैल अहमद था। मुस्ताक खांडे ने इन दोनों पुलिसकर्मियों पर उस वक्त हमला किया था, जब ये दोनों चाय पी रहे थे। आतंकी ने उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। ये घटना सीसीटीवी में भी रिकॉर्ड हुई थी।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *