विवाहिता के साथ ननदोई ने किया रेप का प्रयास, पति और भांजे ने भी दिया साथ

गाजियाबाद 
गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र में रहने वाली विवाहिता के साथ कथित तौर पर ननदोई द्वारा बलात्कार के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसे जान से मारने की धमकी भी दी है और कर्ज में डूबा पति उसे बिना बताए अपने घर चला गया। इसके चलते कर्जदार उससे उधार ली गई रकम वापस मांग रहे हैं।

पुलिस ने पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पति व ननदोई समेत छह लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है और जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई में लगी है।

नंदग्राम थाना क्षेत्र में रहने वाली विवाहिता ने बताया कि उसकी शादी 11 साल पूर्व मथुरा निवासी युवक के साथ हुई थी। उसके चार बच्चे हैं। इसमें से दो बेटे उसके पास रहते हैं। महिला ने बताया कि पति ने कई लोगों से कर्ज ले रखा है, जिसे चुकाने के लिए ससुराल पक्ष के लोग उस पर दहेज के रूप में मायके से दो लाख रुपये लाने का दबाव बना रहे हैं।

मांग पूरी न होने पर वो उसके साथ मारपीट करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। विवाहिता का आरोप है कि ननदोई उस पर गलत नजर रखता है और उसने एक रोज उसके साथ बलात्कार का प्रयास किया था। इस कृत्य में पति और उसके भांजे ने भी उसका साथ दिया। पुलिस ने बताया कि दी गई तहरीर के आधार पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। जांच-पड़ताल कर कार्रवाई की जा रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *