जबलपुर , होशंगाबाद में बारिश की सम्भवना , तीन डिग्री लुढ़का रात का पारा

भोपाल
 बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र शुक्रवार को दक्षिणी ओडीशा और उत्तर आंध्र कोस्ट के मध्य में पहुंच गया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इस सिस्टम के असर से शनिवार को शहडोल, जबलपुर, होशंगाबाद संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। राजधानी में बादल छा सकते हैं एवं गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें भी पड़ सकती हैं। उधर, हवाओं का रुख उत्तरी होने से शुक्रवार को राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य रहा। न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्रीसे. रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्रीसे. कम रहा। साथ ही गुरुवार के न्यूनतम तापमान (19.2 डिग्रीसे.) की तुलना में तीन डिग्रीसे. कम रहा। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 15 डिग्रीसे. मंडला में दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि ओडीशा-आंध्र कोस्ट पर बने सिस्टम के कारण नमी आने का सिलसिला शुरू हो गया है। इस सिस्टम के प्रभाव से शनिवार को जबलपुर, शहडोल एवं होशंगाबाद संभागों के जिलों में कहीं-कहीं बौछारें पड़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *