3068 बूथ पर BJP का विजय संकल्प ध्वज फहराने पहुंचे सीनियर लीडर

भोपाल
प्रदेश में उपचुनाव वाले क्षेत्रों में 3068 बूथ केंद्रों में विजय संकल्प ध्वज फहराने और जीत का दीया जलाने के लिए भाजपा के कार्यकर्ता और सीनियर लीडर शुक्रवार को सक्रिय रहे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भी विजय संकल्प ध्वज फहराने के लिए रैगांव विधानसभा के सोहावल और पृथ्वीपुर विधानसभा के मोहनगढ़ पहुंचे।

इसके साथ ही अब पार्टी के स्टार प्रचारकों के चुनावी दौरे भी शुरू हो गए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय खंडवा लोकसभा के बड़वाह में, केंद्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते पृथ्वीपुर के मोहनगढ़ आदिवासी बस्ती के कार्यक्रम में शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल पृथ्वीपुर के जेरोन, वीरेन्द्र कुमार खटीक दिगोड़ा में, शिवराज सरकार में मंत्री विजय शाह मान्धाता, हरदीप सिंह डंग खण्डवा, मोहन यादव पंधाना, तुलसी सिलावट नेपानगर, इंदरसिंह परमार बुरहानपुर के कार्यक्रम में शामिल होकर ध्वज फहराएंगे। मुख्यमंत्री चौहान के साथ सोहावल में विजय संकल्प ध्वज फहराने के दौरान सतना के स्थानीय नेताओं के अलावा मंत्री ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष शर्मा के साथ टीकमगड़ व निवाड़ी के स्थानीय नेताओं के साथ मंत्री भूपेन्द्र सिंह मौजूद रहे।

यहां होगा स्टार प्रचारक वीडी शर्मा का दौरा
भाजपा के स्टार प्रचारक और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा  आज पृथ्वीपुर में सभा और रैली होने के उपरांत 16 व 17 अक्टूबर को खंडवा लोकसभा क्षेत्र के बड़वाह और भीकनगांव में चुनावी सभाएं और बैठकें करेंगे। शर्मा कल खंडवा लोकसभा क्षेत्र के बड़वाह विधानसभा युवा सम्मेलन एवं ग्राम बफलगांव की आमसभा में शामिल होंगे। फिर नावलघाटखेड़ी में सामाजिक संगठनों के प्रमुख धार्मिक मठ मंदिर आश्रम में संपर्क करेंगे। चित्रमोड में आमसभा एवं सनावद नगर में बूथ व पन्ना समिति सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद पार्टी नेताओं से संवाद करेंगे। शर्मा 17 अक्टूबर को भीकनगांव पहुंचकर ग्राम अंजनगांव में आमसभा को संबोधित करेंगे। यहां भी युवा सम्मेलन, प्रमुख धार्मिक मठ मंदिर, आश्रम में संपर्क कार्यक्रम होगा। फिर झिरन्या में बूथ व पन्ना समिति सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *