गाइडलाइन के बीच होगा रावण दहन, सीएम होंगे शामिल
भोपाल। राजधानी में आज दशहरे पर करीब 40 जगह बड़े और मोहल्ला-कॉलोनियों में 700 जगह रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। छोला, कोलार, टीटी नगर, बिट्टन मार्केट, लालघाटी, कलियासोत और अशोका गार्डन के दशहरा ग्राउंड में कोरोना की गाइडलाइन का पालन करते हुए रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। सबसे पहले शाम 6 बजे टीटी नगर तो सबसे आखिरी में अशोका गार्डन में रात 10 बजे रावण दहन होगा। बिट्ठन मार्केट में 11 फीट ऊंचा पुतला जलेगा। बिट्टन मार्केट में पहली बार आतिशबाजी भी नहीं की जाएगी। टीटी नगर में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले कोरोना की थीम पर बनाए गए हैं।
छोला ग्राउंड पर रात 9 बजे पुतला दहन होगा। रावण का पुतला 51 फीट, कुंभकर्ण का 41 फीट और मेघनाथ का 31 फीट का रहेगा। आयोजन में सीएम शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। श्री हिंदू उत्सव समिति ने बताया कि दोपहर 2 बजे श्री बांकेबिहारी मंदिर मारवाड़ी रोड से चल समारोह शुरू होगा। इसमें ढोल-ढमाके, बैंड-बाजे, शहनाई, जागरण मंडलियों के साथ समिति का बैनर, धर्मध्वजाएं, रामेश्वरम के शिवजी, मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, लंकाधिपति रावण, मेघनाथ, कुंभकर्ण के आकर्षित रथ, माता सीता की अशोक वाटिका, राम और रावण सेना के स्वरूप के साथ ही अट्टाहास करते, विद्युत लड़ियों से जगमगाते लंकाधिपति रावण का पुतला दर्शनीय होगा। समिति ने बताया कि कोरोना की गाइडलाइन का पालन कराया जाएगा। बिट्टन मार्केट में 2019 में पुतले की ऊंचाई 62 फीट थी, जो पिछले साल 12 फीट रखी गई थी। इस बार यह एक फीट और कम कर दी है। 11 फीट ऊंचा पुतला ही दहन किया जाएगा। कोलार के ग्राउंड पर शाम सात बजे 105 फीट तक ऊंचा पुतला दहन होता था, लेकिन अबकी बार सिर्फ 20 फीट ही ऊंचाई रहेगी।
