नि:शुल्क भूमि हस्तांतरण विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला
भोपाल
अटल प्रगति पथ परियोजना
प्रदेश की सर्वाधिक महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी अटल प्रगति पथ परियोजना को तेजी से मूर्तरूप प्रदान करने के प्रयास लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे हैं। परियोजना के निर्माण के लिए राज्य शासन द्वारा एन.एच.ए.आई. को नि:शुल्क भूमि दिसम्बर 2021 तक उपलब्ध कराई जाना है। भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को तेजी से पूर्ण कराने के लिए भिण्ड, मुरैना और श्योपुर जिले के राजस्व, वन, लोक निर्माण विभाग तथा एन.एच.ए.आई. के अधिकारियों की संयुक्त कार्यशाला 21 और 22 अक्टूबर 2021 को आयोजित की जाएगी।
प्रमुख सचिव लोक निर्माण नीरज मंडलोई ने बताया कि अटल प्रगति पथ का 313 किलोमीटर एरिया चंबल संभाग के श्योपुर, मुरैना तथा भिंड जिलों की सीमा से गुजरेगा। राज्य शासन की मंशानुसार यह कार्य निर्बाध रूप से समय-सीमा में पूर्ण किया जाना है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा तीनों जिलों के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक तथा पटवारी, वन मंडलाधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी वन तथा रेंजर, लोक निर्माण विभाग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग के मैदानी अमले के साथ कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
मंडलोई ने बताया कि कार्यशाला जिला कलेक्टर के निर्देशन में आयोजित की जाएगी। दिनांक 21 अक्टूबर को प्रात: 10 बजे से एक बजे तक कलेक्टर सभागार भिण्ड तथा दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक कलेक्ट्रेट सभागार मुरैना में कार्यशाला आयोजित होंगी। इसी प्रकार 22 अक्टूबर को प्रात: 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक कलेक्टर सभागार श्योपुर में आयोजित की जाएगी।
