एक बार फिर UNHRC के लिए निर्वाचित हुआ भारत , सपोर्ट में मिले 193 में से 184 वोट

नई दिल्ली
भारत गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) में 2022-24 के लिए एक बार फिर से निर्वाचित हुआ है। इसके साथ थी अगले तीन सालों के लिए निकाय के 47 सदस्यों में शामिल होगा। फिर से निर्वाचित होने भारत ने कहा है कि हम सम्मान, संवाद, सहयोग के माध्यम से मानवाधिकारों के संवर्धन और संरक्षण के लिए काम करना जारी रखेंगे। बता दें कि यह लगातार दूसरी बार है जब भारत परिषद के लिए चुना गया है, और इसे तीन साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद अनिवार्य रूप से ब्रेक लेना होगा।  जिनेवा में भारतीय मिशन के एक ट्वीट में कहा गया है कि भारत को संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों के भारी समर्थन द्वारा चुना गया। भारत को अपनी श्रेणी में डाले गए 193 वोटों में से 184 वोट मिले। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने ट्वीट करके यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा, 'भारत छठी बार भारी बहुमत से यूएनएचआरसी के लिए पुन:निर्वाचित हुआ। भारत में अपना विश्वास व्यक्त करने के लिए संयुक्त राष्ट्र के सदस्यों का हार्दिक आभार।' 

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, 'हम सम्मान, संवाद, सहयोग के माध्यम से मानवाधिकारों के संवर्धन और संरक्षण के लिए काम करना जारी रखेंगे।” संयुक्त राष्ट्र महासभा ने अर्जेंटीना, बेनिन, कैमरून, इरिट्रिया, फिनलैंड, जाम्बिया, होंडुरास, भारत, कजाकिस्तान, लिथुआनिया, लक्जमबर्ग, मलेशिया, मोंटेनेग्रो, पराग्वे, कतर, सोमालिया, संयुक्त अरब अमीरात और अमेरिका का चयन गुप्त मतदान के जरिये किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *