कांग्रेस नेता के बेटे ने गरबा में किया हंगामा व मारपीट,6 गिरफ्तार

कोंडागांव। बुधवार रात गरबा उत्सव के दौरान जमकर हंगामा हो गया। कांग्रेस प्रदेश महासचिव मनीष श्रीवास्तव के बेटे सिद्धार्थ श्रीवास्तव और एसडीओपी के बीच मारपीट हो गई। आरोप है कि नशे में धुत सिद्धार्थ और उनके दोस्त हंगामा कर रहे थे। मना करने पर एसडीओपी से भिड़ गए। पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस बीच सिद्धार्थ के पिता मनीष ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

विकास नगर स्थित स्टेडियम मैदान में गरबा उत्सव चल रहा था। गश्त पर निकले एसडीओपी निमितेश सिंह परिहार को सूचना मिली कि वहां कुछ युवक हंगामा कर रहे हैं। एसडीओपी वहां पहुंचे और मना किया तो एक युवक ने मारपीट शुरू की दी। इस दौरान उनके ड्राइवर ने बीच बचाव किया तो आरोप है कि उसका मोबाइल छीन कर पटक दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। बाकी सभी भाग निकले। पकड़ा गया आरोपी युवक प्रदेश कांग्रेस महासचिव का बेटा सिद्धार्थ श्रीवास्तव है। एडिशनल एसपी राहुल देव शर्मा ने बताया कि एसडीओपी निमितेश सिंह राउंड पर निकले हुए थे। कुछ लड़कों के हुड़दंग की सूचना पर पहुंचे और समझाइश दी, लेकिन वे अभद्रता करने लगे।

पुलिस ने गुरुवार सुबह 5 और लड़कों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने कहा, अगर उनके बेटे सिद्धार्थ श्रीवास्तव से कोई गलती हुई है तो पुलिस निष्पक्ष रूप से उसके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *