प्रभारी मंत्री जिलों में करें 15 दिन का दौरा, जब भी जाएं जिला कार्यालय अवश्य जाएं : पुनिया

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी की बैठक आज राजीव भवन में हुई जिसमें  प्रभारी पी.एल. पुनिया, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रभारी सचिव चंदन यादव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम शामिल हुए। इस दौरान पुनिया ने कार्यकारिणी सदस्यों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रभारी मंत्री महीने में 15 दिन अपने प्रभार वाले जिलों का दौरा अवश्य करें, इस दौरान वे जिला कार्यालय भी अवश्य जाएं। पुनिया ने बूथ कमेटियों का गठन दिसंबर तक करने के निर्देश दिए ताकि जनवरी से प्रशिक्षण शुरू किया जा सके।

बैठक में आजादी की हीरक जयंती 75वें वर्ष में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर राज्य में एक वर्ष तक मनाये जाने वाले कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। इस दौरान पुनिया ने सभी पदाधिकारियों से उनके प्रभार जिलों के कार्यक्रमों और कार्यकतार्ओं की समस्याओं के संबंध में जानकारी लिया तथा सत्ता और संगठन के तालमेल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्री जब भी जिलों में जाये, जिला कांग्रेस कार्यालय जरूर जायें तथा कार्यकतार्ओं से मिले यह सुनिश्चित हो। प्रभारी अपने प्रभार जिलों में महीने में 15 दिन दौरा करें। सरकार के कामकाज का प्रचार होना चाहिये। उन्होंने कहा कि संगठन के पुराने पदाधिकारियों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाये। निकाय और पंचायत के निर्वाचित पदाधिकारियों की संगठन में भागीदारी की समीक्षा हो।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनकी नई जिम्मेदारी के लिये बधाई देते हुये नवरात्रि की शुभकामनाएं दिया तथा कहा कि सबका अपनी जवाबदारी का पूरी मेहनत से पालन करना है। प्रभारी सचिव चंदन यादव ने कहा कि कामों का विकेंद्रीकरण अधिक से अधिक लोगों को संगठन की जवाबदारी से जोड़ा जाये। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कार्यक्रम के साथ स्थानीय कार्यक्रम तय कर किये जाने चाहिये। हमारे सरकार के कामों की जवाबदारी जनता तक पहुंचे यह संगठन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि संगठन के तीन महत्वपूर्ण काम है रचनात्मक, संगठन विस्तार, प्रशिक्षण हमें तीनों दिशा में काम करना है। उन्होंने मिशन 2023 के लिये जुटने की बात कही।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि सभी ने महत्वपूर्ण सुझाव दिया है। इन सुझावों पर अमल और निराकरण प्रदेश प्रभारी पी.एल. पुनिया और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ मिलकर किया जायेगा। जिनको जो टारगेट दिया गया है सभी को उसे पूरा करना है। बूथ कमेटियों का गठन दिसंबर तक आवश्यक रूप से कर लिया जाना चाहिये ताकि जनवरी से प्रशिक्षण काम शुरू किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *