ट्रांसजेण्डर को मिल रहा है शासकीय योजनाओं का लाभ

भोपाल 
राज्य शासन द्वारा प्रदेश के ट्रांसजेण्डर व्यक्तियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। प्रदेश में 5 उभयलिंगी व्यक्तियों को प्रधानमंत्री आवास योजना, 16 को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था समग्र सामाजिक सुरक्षा पेंशन, एक व्यक्ति को मुख्यमंत्री स्ट्रीट वेण्डर योजना, 2 को संबल योजना और एक ट्रांसजेण्डर व्यक्ति मुख्यमंत्री स्वेच्छा अनुदान (75000 रूपये की चिकित्सा सुविधा) और खाद्य विभाग द्वारा 59 उभयलिंगी परिवारों के 160 सदस्यों के लिये खाद्य पर्ची जारी की गई है। सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण मंत्री प्रेम सिंह पटेल ने उभयलिंगी व्यक्तियों से शासन के विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिये जिला कार्यालय सम्पर्क करने की अपील की है।

पटेल ने बताया कि प्रदेश में 346 उभयलिंगी व्यक्तियों द्वारा पहचान प्रमाण-पत्र प्राप्त किये गये हैं। प्रदेश में विधिक सेवा प्राधिकरण एवं पैरालीगल वालेंटियर्स द्वारा उभयलिंगी व्यक्तियों को पहचान पत्र, आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान आदि के लिये जागरूक करते हुए मदद की जा रही है। उभयलिंगी व्यक्तियों को समान अधिकार, कल्याण संबंधी उपाय, शिक्षा तक पहुँच, सामाजिक सुरक्षा, आवास, कल्याणकारी उपाय, आर्थिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, गैर भेदभाव रोजगार के समान अवसर, शिकायत निवारण आदि के लिये उभयलिंगी व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम प्रभावशील है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अनूपपुर जिले के मोती सिंह, मंगल सिंह, शिवपुरी जिले की रेखा गुरू, सीमा, आगर मालवा जिले की मोती बाई, मुख्यमंत्री स्वेच्छा अनुदान का लाभ बुरहानपुर जिले की अंकिता सिरतुरे, मुख्यमंत्री स्ट्रीट वेण्डर योजना का लाभ निवाड़ी जिले की सुक्कन अहिरवार, संबल योजना का अनूपपुर जिले के छोटू पाव को दिया गया है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना में इंदौर की ग्यारसी बाई, प्रिया गिरनार, शांतिबाई और श्रीतिचंद को गेहूँ, चावल, नमक, केरोसिन दिया गया है। गुना जिले की बन्नो नायक और बड़वानी की किरण रेशम को पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *