एनसीपी चीफ शरद पवार बोले – मैं 4 बार CM रहा, पर अब याद नहीं, फडणवीस को आज भी है कुर्सी छिनने का दर्द
मुंबई
महाराष्ट्र पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक-दो दिन पहले ही यह बयान दिया था कि दो साल बाद बीत जाने के बाद भी उन्हें महसूस नहीं होता कि वह राज्य के सीएम नहीं हैं। अब एनसीपी चीफ शरद पवार ने इसपर पलटवार करते हुए कहा है कि वह चार बार सीएम रहे लेकिन उन्हें याद तक नहीं है लेकिन देवेंद्र फडणवीस को कुर्सी जाने का दर्द अब तक हो रहा है। एनसीपी चीफ ने बुधवार को कहा, 'देवेंद्र फडणवीस को लगता है कि वह अब भी मुख्यमंत्री हैं। मैं चार बार महाराष्ट्र का मुख्यमत्री रहा हूं लेकिन अब मुझे याद तक नहीं। वह राज्य की सत्ता हासिल करने में बीजेपी की नाकामयाबी को अब तक पचा नहीं पा रहे हैं।' नवी मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान फडणवीस ने कहा था कि बीते दो साल में उन्हें कभी ऐसा नहीं लगा कि अब वह सीएम नहीं हैं। उन्होंने कहा, 'मुझे अभी भी लगता है कि मैं सीएम की कुर्सी पर हूं। यह सिर्फ मंडा म्हात्रे, गणेश नाइक, नरेंद्र पाटिल जैसे नेताओं के कारण संभव है जो लगातार मेरा इतना समर्थन करते हैं कि मुझे यह महसूस ही नहीं होता कि अब मैं सीएम नहीं हूं। महाराष्ट्र की जनता ने भी मुझे कभी यह महसूस नहीं कराया। मैं जब भी दोबारा सीएम बनूंगा तो पहले गोवर्धनी माता के पास आशीर्वाद लेने जाऊंगा।'
फडणवीस के बयान पर जवाब देने के बाद एनसीपी चीफ ने लखीमपुर हिंसा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'लखीमपुर में किसानों को कुचलकर मार दिया गया। किसानों ने आरोप लगाया कि गृह राज्य मंत्री का बेटा वहां मौजूद था। सुप्रीम कोर्ट के कहने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। सत्ताधारी पार्टी को स्टैंड लेना चाहिए। न तो यूपी के सीएम और न ही गृह राज्य मंत्री ही बच सकते हैं। गृह राज्य मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।'
