जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, कई जगहों पर छापेमारी
जम्मू-कश्मीर
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनआईए यानी राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने कई जगहों पर छापेमारी की है और घाटी में आतंकी साजिश के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।दरअसल, आतंकी गतिविधियो में बढ़ोतरी के बीच जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आतंकवाद के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया था और 16 स्थानों पर छापेमारी की थी।
12 अक्टूबर को जम्मू कश्मीर में हिंसक आतंकवादी एक्ट के तहत कश्मीर घाटी में शोपियां, पुलवामा समेत 16 स्थानों पर आतंकवाद के खिलाफ अभियान शुरू किया गया और कुछ शहरों में लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद, हिजबुल-मुजाहिदीन और उनसे संबंधित अल बदर, फैशिस्ट फोर्स, मुजाहिदीन गजवातुल हिंद इन आतंकी संगठनों के खिलाफ एनआईए ने छापेमारी की।
एनआईए ने गिरफ्तार किए गए चारों की पहचान उजागर की है। एनआईए ने वसीम अहमद, तारिक अहमद, बिलाल अहमद और तारीक अहमद बफंदा को गिरफ्तार किया है। प्राथमिक जांच के आधार पर ये सब आतंकियों के सहयोगी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान कई इलेक्ट्रोनिक डिवाइस और जिहाद के लिए भड़काने वाले दस्तावेज और संदिग्ध लेन देने के दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
आतंकवादी संगठनों के खिलाफ छापेमारी में केन्द्रशासित प्रदेश पुलिस और सीआरपीएफ ने भी एनआईए को सहायता प्रदान की है। एनआईए की छापेमारी ऐसे समय पर हो रही है जब हाल में हुई नागरिक हत्याओं के सिलसिले में जम्मू कश्मीर पुलिस ने 500 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।
