लखीमपुर खीरी कांड: मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा 3 दिन की रिमांड पर, SIT करेगी पूछताछ
लखनऊ
लखीमपुर खीरी कांड के मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा को अदालत ने 3 दिन की रिमांड पर सौंप दिया है. 12 तारीख से 15 तारीख तक सौंपे गए रिमांड में कई शर्तें भी लगाई गई हैं. एसआईटी ने आशीष से पूछताछ के लिए उसकी 14 दिन की रिमांड मांगी थी. आशीष के वकील ने इसका विरोध किया. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने आशीष को 3 दिन की रिमांड पर सौंप दिया. यह रिमांड 12 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक के लिए हैं.
सुनवाई के दौरान पुलिस की तरफ से कहा गया कि आशीष मिश्रा से सिर्फ 12 घंटे ही पूछताछ हो पाई, जिसमें उसने जवाब नहीं दिए. इसलिए उनको 14 दिन की पुलिस हिरासत की जरूरत है, लेकिन आशीष के वकील की ओर से इसका विरोध किया गया. आशीष के वकील ने कहा कि पुलिस पर आशीष से पूछने के लिए सिर्फ 40 ही सवाल थे, जिनको पूछ लिया गया था. आशीष के वकील की तरफ से कहा गया कि अगर पुलिस को पूछताछ ही करनी है तो वह जेल में जाकर कर सकती है.
