उपचुनाव: कांग्रेस की 15 महीने की सरकार की कमियों को बताने भाजपा की कैम्पेनिंग

भोपाल
प्रदेश में हो रहे उपचुनावों में कांग्रेस की 15 महीने की सरकार की कमियों को बताने के साथ राष्ट्रवाद के मुद्दे पर राष्ट्रीय स्तर पर किए जाने वाले कामों को भी भाजपा अपनी कैम्पेनिंग में शामिल करने जा रही है। इसीलिए अफगानिस्तान में तालिबानी सत्ता के माध्यम से सामने आए सीएए कानून के फायदों को भी जनता के बीच पहुंचाने पर बीजेपी जोर देगी ताकि लोगों को यह अहसास कराया जा सके कि कांग्रेस इस मामले में सिर्फ विरोध की राजनीति करती
रही है।

प्रदेश में उपचुनाव के दौरान अफगानिस्तान में हुई तालिबानी घटना और उसके बाद वहां रहने वाले हिन्दुओं, सिखों व अन्य भारतीयों को भारत सरकार द्वारा दी गई मदद मुद्दा बनेगी। भाजपा कार्यकर्ताओं के जरिये जनता तक यह बात पहुंचाएगी कि कांग्रेस जिस सीएए का विरोध कर रही थी, भाजपा सरकार द्वारा लागू किए गए उसी कानून ने बाहर रहने वाले हिन्दुस्तानियों को नागरिकता देने का काम किया है। कांग्रेस को जनता के फायदे से कोई मतलब नहीं है, सिर्फ अपना फायदा इस दल के नेता देखते हैं।

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ताओं और मीडिया प्रभारियों के जरिये उपचुनाव वाले क्षेत्रों में इस पर जोर दिया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी इस मुद्दे पर खंडवा लोकसभा क्षेत्र के बुरहानपुर में आमसभा के दौरान वोटर्स को इसके बारे में जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से सीएए की जरूरत थी लेकिन कांग्रेस की सरकार ने इसके लिए काम नहीं किया। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने इसे लागू किया और इसका असर अफगानिस्तान की तालिबानी सत्ता के दौर में साफ देखने को मिला। वहां रहने वालों को देश में लाने के बाद नागरिकता देने का काम किया जाएगा।

सीएए कानून की प्रासंगिकता अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद सब की समझ में आई है। वहां हमारे हिन्दू, सिख भाई बहनों को प्रताड़ित किया गया, अब उन्होंने भारत मे शरण ली है। भाजपा यह भी बताएगी कि कांग्रेस के पास आरोप लगाने के सिवा कोई काम नहीं रह गया है। कांग्रेस के पास 24 घंटे झूठ बोलने वाले नेता हैं जो लगातार झूठ और भ्रम फैलाते रहते हैं। कांग्रेस आज केवल ट्विटर पर जिंदा है, उसका जमीन पर कोई आधार नहीं है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा कल दिन भर बुरहानपुर जिले के शाहपुर और अन्य स्थानों पर बैठकें करने के बाद आज नेपानगर तहसील मुख्यालय पहुंचे हैं। यहां उन्होंने जैनाबाद क्षेत्र में रोड शो किया और खंडवा से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की। वे जेनावद तहसील में कन्यापूजन कार्यक्रम में भी शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा समग्र विकास की पक्षधर है और जाति पांति से दूर रहकर सबके विकास के लिए काम करती है। उन्होंने प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा देश और जनता के हित में लागू की गई योजनाओं के बारे में भी आमसभा में वक्तव्य दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *