सांसद प्रज्ञा का विवादित बयान ,विधर्मियों को चला जाता है हिंदू मंदिरों का धन

भोपाल
साध्वी और सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने एक बार फिर विवादास्पद बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हिंदू मंदिरों का धन विधर्मियों को चला जाता है। उन्होंने कहा कि वे हिंदू मंदिरों के धन को सरकारी कब्जे से मुक्त कराने की मुहिम शुरू करने जा रही हैं। हिंदुओं के संरक्षण में मंदिरों का संचालन और विकास करने के लिए उन्होंने एक अखाड़े की स्थापना की है। साध्वी ने कहा कि मंदिरों में आने वाले धन से हिंदुओं का विकास किया जाएगा।

सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने भारत भक्ति अखाड़े की शुरुआत करते हुए यह ऐलान किया। अखाड़े का कार्यालय भोपाल के पुराने शहर स्थित हमीदिया रोड पर शुरू किया गया है। इस मौके पर उन्होंने कन्यापूजन भी किया। सांसद ठाकुर ने भारत भक्ति अखाड़े का उद्देश्य बताया कि हिंदुत्व और भगवा पर संकट आएगा तो यह सदैव रक्षा करेगा। अखाड़ा राष्ट्र, धर्म, धर्म ध्वज, धर्म गुरू, धर्म शास्त्रों, धरा, धन और धरोहरों की रक्षा करेगा। भारत भक्ति अखाड़े के कार्यालय में धर्म का प्रचार, धर्म की रक्षा और राष्ट्रभक्ति को जगाने के लिए कार्यक्रम किए जाएंगे।

सरकार के कब्जे से मुक्त कराएंगे मंदिर
साध्वी प्रज्ञा सिंह ने कहा कि हिंदू मंदिर सरकार के कब्जे में रहते हैं। कलेक्टर उसका अध्यक्ष होता है। उनका धन अल्पसंख्यकों विधर्मियों को चला जाता है। भारत भक्ति अखाड़ा इसका विरोध करता है और अखाड़ा इसके लिए संघर्ष और आंदोलन करेगा। सरकार से कहेगा कि सरकार के संरक्षण से मंदिरों को मुक्त किया जाए। हिंदु धर्मावलंबी स्वयं उनका संरक्षण भी कर लेंगे और विकास कर लेंगे। हिंदुओं की श्रद्धा का जो धन है, जो वे दान में देते हैं वह हिंदुओं के विकास में लगाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *