पीएम स्वनिधि में लक्ष्य पूरा नहीं करने वाला सीएमओ निलंबित

भोपाल
सीएम हेल्पलाईन में शिकायतों की भरमार, गुणवत्ताहीन निर्माण के कारण लोकायुक्त जांच के दायरे में आए और पीएम स्वनिधि योजना में 114 के लक्ष्य के विरुद्ध केवल तेरह प्रकरण स्वीकृत करने वाले मुख्य नगर पालिका अधिकारी संतोष सिहारे को आयुक्त नगरीय प्रशासन निकुंज श्रीवास्तव ने शासकीय योजनाओं में रुचि नहीं लेने के चलते निलंबित कर दिया है। नगर परिषद कैलारस में सीएम हेल्पलाईन की 77 शिकायतें लंबित है। उच्च न्यायालय खंडपीठ में यहां के कई प्रकरण लंबित है जिनमें जवाबदावा प्रस्तुत नहीं किया जा रहा है। गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य के चलते सीएमओ कैलारस संतोष सिहारे की लोकायुक्त जांच भी शुरु हो गई है।   

सिहारे ने पीएम  स्वनिधि योजना में भी लक्ष्यपूर्ति नहीं की। राजस्व वसूली भी केवल अठारह प्रतिशत ही रही है। शासन की महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन मे भी रुचि नहीं लिए जाने से आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने में कठिनाई की शिकायतें मिल रही है। संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन ग्वालियर एवं चंबल संभाग ने सिहारे के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने का प्रस्ताव दिया था।  इसके आधार पर सिहारे को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में सिहारे का मुख्यालय कार्यालय संभागीय संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन ग्वालियर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *