हनुमागढ़ हत्याकांड: मायावती ने कहा घड़ियाली आंसू बहाना बंद करें कांग्रेस

नोएडा
लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर सियासी हंगामे के बीच राजस्थान के हनुमानगढ़ में अनुसूचित जाति के युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। जिसे बाद विपक्षी दलों ने कांग्रेस को घेरना शुरू कर दिया है। भाजपा ने राजस्थान के पीलीबंगा में अनुसूचित जाति के युवक की बेरहमी से हत्या करने वालों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर कांग्रेस पर सवाल दागे, तो वहीं बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने भी रविवार को कांग्रेस पर ट्वीट कर हमला बोला है।

मायावती ने लिखा कि राजस्थान के हनुमानगढ़ में अनुसूचित जाति के युवक की पीट-पीट कर की गई हत्या अति-दुःखद व निन्दनीय है।  लेकिन कांग्रेस हाईकमान चुप क्यों है? क्या छत्तीसगढ़ व पंजाब के सीएम वहां जाकर पीड़ित परिवार को 50-50 लाख रुपये की मदद देंगे? बीएसपी जवाब चाहती है वरना अनुसूचित जाति के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाना बंद करें।

साथ ही, यूपी के लखीमपुर खीरी जघन्य कांड में केंद्रीय मंत्री के बेटे का नाम सुर्खियों में आना यह भाजपा सरकार की कार्यशैली पर अनेकों सवाल खड़े करता है। ऐसे में भाजपा अपने मंत्री से खुद ही इस्तीफा लें तभी वहां पीड़ित किसानों को कुछ न्याय की उम्मीद हो सकती है। बीएसपी की यह मांग।

इसके अलावा, जम्मू व कश्मीर में आएदिन वहां आतंकियों द्वारा की जा रही निर्दोष लोगों की हत्या अति-दुःखद व शर्मनाक है। केंद्र सरकार सख्त कदम उठाये, बीएसपी की यह मांग है।

राजस्थान के हनुमानगढ़ के पीलीबंगा इलाके के प्रेमपुरा गांव में गुरुवार की शाम को कुछ दबंगों ने अनुसूचित जाति के युवक की  पीट-पीटकर हत्या कर दी। प्राथमिक तौर पर इसे प्रेम प्रसंग का मामला बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक वहीं की रहने वाली एक तलाकशुदा महिला को लगातार फोन कर रहा था। परिजनों ने कई बार इस पर आपत्ति जताई लेकिन शिकायत का उस पर कोई असर नहीं हुआ। इसी के चलते गुरुवार की शाम को खेत में ले जाकर निर्ममता पूर्वक कुछ लोगों ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *