अब छतरपुर में जैविक पद्धति से निर्मित होगी खाद
छतरपुर
बीते रोज मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया ने शहर के स्व सहायता समूह की महिलाओं के साथ नगर पालिका के सभागार में बैठक की। बैठक में प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूत करने के लिए नपा के प्रशासक कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में छतरपुर नगर पालिका द्वारा संचालित कचरा प्रसंस्करण केन्द्र में दर्शना महिला कल्याण समिति के माध्यम से स्व सहायता समूह की महिलाओं से जैविक खाद निर्मित करने के विषय पर विस्तार से चर्चा की गई।
श्री भदौरिया ने बताया कि छतरपुर नगर पालिका जैविक खाद को बढ़ावा देने के लिए मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर नवाचार पर करने जा रही है जिसमें जिले की महिलाओं को रोजगार प्राप्त होगा और नपा की आय भी बढ़ेगी। जिले को कैमिकल युक्त खाद से मुक्ति दिलाने बड़े स्तर पर जैविक खाद बनाया जाएगा। यह खाद न्यूनतम शुल्क पर जिले के किसानों और सब्जी उत्पादकों के अलावा पूरे प्रदेश में बेची जाएगी। विक्रय से जो राशि प्राप्त होगी उसका एक निर्धारित प्रतिशत हिस्सा नपा में जमा होगा शेष पैकिंग कार्य करने वाली महिलाओं को दिया जाएगा। बैठक में राधा स्वसहायता समूह, मंशामाता स्वसहायता समूह, गोकुल स्वसहायता समूह, जय माता काली स्वसहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।
सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया ने बताया कि प्लांट के लिए नगर पालिका द्वारा संचालित कचरा प्रसंस्करण केन्द्र में गीले कचरे को एकत्रित किया जाएगा। उक्त कचरे को एमआरएफ सेंटर पर लाकर इसकी प्रोसेसिंग करते हुए जैविक खाद बनाई जाएगी। संश्लेषित उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अप्रयोग या न्यूनतम प्रयोग पर आधारित रहेगा जो भूमि की उर्वरा शक्ति को बनाए रखने के लिये फसल चक्र, हरी खाद, कम्पोस्ट आदि का प्रयोग करती है।
