राकेश टिकैत ने लखीमपुर खीरी में भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्‍या करने वाले प्रदर्शनकारियों का किया बचाव

नई दिल्‍ली
भारतीय किसान यूनियन (BKU) के नेता राकेश टिकैत ने शनिवार को लखीमपुर खीरी की घटना पर बड़ा बयान दिया है। उन्‍होंने कहा कि वह उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या करने वालों को अपराधी नहीं मानते। कारण है कि उन्होंने केवल प्रदर्शनकारियों पर एसयूवी चलाने पर प्रतिक्रिया दी।

लखीमपुर खीरी में तिकोनिया-बनबीरपुर मार्ग पर 3 अक्‍टूबर को बड़ी हिंसा की घटना हुई थी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की यात्रा के खिलाफ प्रदर्शन करने जा रहे कृषि कानून विरोधी प्रदर्शनकारियों के एक समूह पर एसयूवी चढ़ गई थी। यह पीछे से चढ़ाई गई थी। इस पूरी घटना में 4 किसानों सहित आठ लोगों की मौत हो गई थी। मरने वालों में किसान, भाजपा कार्यकर्ता और एक पत्रकार शामिल हैं।

एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पूछे गए सवाल के जवाब में टिकैत ने कहा, 'लखीमपुर खीरी में चार किसानों पर कारों का काफिला चढ़ाए जाने के बाद दो भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या क्रिया की प्रतिक्रिया है। मैं इन हत्याओं में शामिल लोगों को अपराधी नहीं मानता।'

संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के नेता योगेंद्र यादव ने कहा, 'हम जिंदगी जाने से दुखी हैं, चाहे वो भाजपा कार्यकर्ता हों या किसान। यह दुर्भाग्यपूर्ण था। हमें उम्मीद है कि न्याय होगा।'किसान नेताओं ने शनिवार को केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा और उनके बेटे को लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में गिरफ्तार करने की मांग की। कहा कि यह घटना एक 'पूर्व नियोजित साजिश' थी।

यादव ने यहां प्रेस कांफ्रेंस के दौरान आरोप लगाया कि अजय मिश्रा को भी सरकार से हटाया जाना चाहिए। कारण है कि उन्होंने इस साजिश को शुरू किया था और मामले के दोषियों को भी बचा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एसकेएम दशहरा वाले दिन 15 अक्टूबर को हिंसा के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का पुतला फूंकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *