अब घर पर बनाएं नेचुरल शैम्पू
झड़ते हुए बाल किसी भी व्यक्ति का दिमाग खराब कर सकते हैं। अगर सिर में कंघी लगाते ही आपके बाल भी बहुत अधिक मात्रा में झड़ रहे हैं तो आपको केमिकल युक्त प्रॉडक्ट्स से तुरंत दूरी बना लेनी चाहिए। खासतौर पर शैंपू सबसे पहले बदलें। केमिकल युक्त शैंपू की जगह हर्बल शैंपू पर शिफ्ट करें। क्योंकि कमजोर बाल ही जल्दी झड़ते हैं और कमजोर बालों पर हेवी केमिकल्स का बहुत जल्दी बुरा असर पड़ता है। इसलिए बेहतर है कि आप घर में शैंपू बनाकर उसका उपयोग करें। घर में शैंपू बनाना बहुत आसान है। इसे एक बार में ही आप महीने भर के लिए रख सकती हैं।
घर में शैंपू बनाने के लिए चाहिए ये चीजें
घर में शैंपू बनाने के लिए आपको ये 4 चीजें चाहिए। रीठा-आंवला-शिकाकाई और मेथी, ये सभी चीजें आपको किसी भी हर्बल स्टोर और किराना स्टोर पर मिल जाएंगी।
100 ग्राम आंवला
100 ग्राम रीठा
100 ग्राम शिकाकाई
100 ग्राम मेथी दाना
ये सभी चीजें पूरी तरह सूखी हुई होनी चाहिए। सूखा आंवला भी मार्केट में आराम से मिल जाता है। इसलिए परेशान ना हों।
शैंपू बनाने की विधि
शैंपू बनाने के लिए आप सबसे पहले रीठा-आंवाल-शिकाकाई और मेथी दाना को रात में सोने से पहले पानी में भिगोकर रख दें। ये सभी चीजें पानी सोख लेंगी और सॉफ्ट हो जाएंगी। इससे इन्हें पकाकर अर्क निकालने में आसानी होगी।
सुबह उठकर आप इनमें 1 गिलास पानी और मिला लें। फिर इन सभी चीजों को धीमी आंच पर पकने के लिए रख दें। इसे 30 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं।
अब गैस बंद कर दें और पानी को ठंडा होने दें। बाद में इसे छानकर किसी कांच की शीशी में भरकर फ्रिज में स्टोर कर लें। आपका आयुर्वेदिक शैंपू तैयार है।
इस शैंपू के फायदे
रीठा-आंवला-मेथी-शिकाकाई युक्त के इस घरेलू शैंपू से आपके बालों का झड़ना तो बंद होगा ही साथ ही सिर पर नए बाल भी तेजी से उगने लगेंगे। रीठा एक नैचरल सर्फेक्टेंट है। यानी इसमें प्राकृतिक रूप से झाग और क्लीनिंग प्रॉपर्टीज होती हैं, जो बालों की जड़ों में जमा तेल और गंदगी को साफ करती हैं।
इस शैंपू में उस तरह से भरपूर झाग नहीं आएंगे जैसे केमिकल बेस्ड शैंपू में आते हैं। लेकिन इसका यह अर्थ नहीं है कि आपके बालों में गंदगी रह जाएगी। बल्कि बालों को प्यार भरी नैचरल क्लीनिंग मिलेगी, जिससे बालों का झड़ना बंद हो जाएगा।
