‘बिहार की महिलाएं नहीं करेंगी माफ’, RJD के स्टार प्रचारकों में मीसा-राबड़ी को शामिल नहीं करने पर भड़के तेज प्रताप
पटना
राजद् अध्यक्ष लालू यादव के बड़े बेटे और विधायक तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव का बिना नाम लिए फिर उन पर निशाना साधा है। तेजस्वी यादव पर इस बार उन्होंने बिहार विधानसभा की दो सीटों के लिए हो रहे उपचुनाव के लिए पार्टी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और सांसद डॉ. मीसा भारती को स्टार प्रचारक नहीं बनाए जाने को लेकर हमला बोला है। शुक्रवार को उन्होंने ट्वीट कर अपनी खीझ निकाली। तेज प्रताप ने लिखा है कि राजद के स्टार प्रचारकों की सूची में मेरा नाम रहता ना रहता, मां और दीदी का नाम रहना चाहिए था… इस गलती के लिए बिहार की महिलाएं कभी माफ नहीं करेंगी, दशहरा में हम मां की ही अराधना करते हैं ना जी..। तेज प्रताप के इस ट्वीट से राजद और लालू परिवार में घमासान और तेज हो गया। इस ट्वीट में उन्होंने मां को लेकर मशहुर शायर मुनव्वर राणा द्वारा रचित एक शेर की पंक्ति को लिखा है- ‘ऐ अंधेरे देख ले मुंह तेरा काला हो गया, मां ने आंखे खोल दी, घर में उजाला हो गया।’ तेज प्रताप यादव ने इससे पहले शुक्रवार को राजद विधायक दल की बैठक में भी नहीं गए। लेकिन, वह केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस के घर पर आयोजित स्व. रामविलास पासवान के पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे, जबकि तेजस्वी यादव इसमें नहीं गए थे।
उपचुनाव में कांग्रेस का प्रचार कर सकते हैं तेजप्रताप
तेज प्रताप ने अपने छोटे भाई और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को लक्ष्य कर गत 2 अक्टूबर को आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उनके पिता और राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद को बंधक बना लिया है। ताजा सियासी घटनाक्रम में वह चार दिन पहले कांग्रेस नेता अशोक राम से उनके घर पर जाकर मिले थे। हालांकि, इसका खुलासा गुरुवार को हुआ। इस मुलाकात से समझा जा रहा है कि तेज प्रताप कुशेश्वरस्थान सीट के लिए हो रहे उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार कर सकते हैं। वहां अशोक राम के बेटे अतिरेक कुमार कांग्रेस प्रत्याशी हैं। राजद ने वहां से गणेश भारती को अपना उम्मीदवार बनाया है।
