अयोध्या में फिल्मी सितारों की रामलीला, टूटे सारे रिकॉर्ड, 18 करोड़ से ज्यादा ने देखा मंचन
अयोध्या
लक्ष्मण किला के प्रांगण में दूसरे साल फिर शुरू फिल्मी सितारों से सुसज्जित रामलीला मंचन के दूसरे दिन भगवान राम के जन्म, महर्षि विश्वामित्र का आगमन एवं ताड़का-सुबाहु वध लीला का मंचन किया गया। देवी सीता की भूमिका निर्वाह के लिए अभिनेत्री भाग्यश्री यहां शुक्रवार को पहुंचेगी। इसके पहले भगवान राम व लक्ष्मण के बाल स्वरूप की भूमिका के लिए स्थानीय कलाकारों को अवसर प्रदान किया गया।
उधर रामलीला आयोजन समिति के अध्यक्ष सुभाष मलिक बाबी ने बताया कि पहले दिन ही 16 करोड़ दर्शकों का पिछला रिकॉर्ड टूट गया। उन्होंने बताया कि इस बार रामलीला मंचन के सजीव प्रसारण को 18 करोड़ दर्शक उपलब्ध हो गये। उन्होंने दूरदर्शन का धन्यवाद करते हुए कहा कि अयोध्या की रामलीला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज और भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय एवं प्रदेश के पर्यटन- संस्कृति व धर्मार्थ कार्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी के सहयोग व मार्गदर्शन से चल रही है। यह रामलीला मेरी मां फाउंडेशन द्वारा प्रायोजित है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या की रामलीला विश्व की सबसे बड़ी रामलीला बन गयी है जिसे भगवान श्री राम के भक्तों ने बनाया है। कोरोना काल में वह अपने घरों में बैठकर अयोध्या की रामलीला को दूरदर्शन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों में देख रहे हैं। बताया गया कि अयोध्या की रामलीला प्रतिदिन सायं सात बजे से रात्रि दस बजे तक दूरदर्शन एवं डीडी भारती पर लाइव प्रसारित हो रही है। इसका पुन: प्रसारण पूर्वाह्न नौ बजे से मध्याह्न 12:00 डीडी भारती पर और अपराह्न तीन बजे से सायं छह बजे तक डीडी नेशनल पर भी हो रहा है।
