अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति के पैसों को लेकर जांच करेगी अमेरिकी संस्था

लंदन
अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति अशरफ गनी की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। अफगानिस्तान पर तालिबानी हुकूमत के बाद अशरफ गनी देश छोड़कर फरार हो गए थे। अशरफ गनी पर आरोप है कि देश छोड़ते समय वह लाखों डॉलर लेकर निकले थे। अमेरिकी निगरानी संस्था अब गनी के खिलाफ जांच शुरू करने जा रही है। अफगानिस्तान पुनर्निर्माण के लिए अमेरिका के विशेष महानिरीक्षक जॉन सोपको ने कहा है कि गनी के खिलाफ जल्द से जल्द पड़ताल शुरू होगी।

अफगानिस्तान छोड़ने के बाद अशरफ गनी पर स्थानीय लोगों ने भी कई गंभीर आरोप लगाए थे। लोगों ने गनी पर बीच मंझधार में छोड़ने और वित्तीय कोष अपने साथ ले जाने के भी आरोप लगाए थे। हालांकि, गनी ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि वह काबुल की सड़कों पर खून की लड़ाई नहीं देख सकते थे , इसीलिए अफगानिस्तान छोड़ने का फैसला किया था। अमेरिकी कांग्रेस ने इस मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

अमेरिका के विशेष महानिरीक्षक जॉन सोपको ने हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की उपसमिति को बताया है कि हम अब तक इसे साबित नहीं कर सके हैं,  लेकिन हम इसकी जांच कर रहे हैं।  ओवरसाइट एंड गवर्नमेंट रिफॉर्म कमेटी ने हमें इस पर गौर करने के लिए कहा है ।

अफगानिस्तान पुनर्निर्माण के लिए विशेष महानिरीक्षक अमेरिकी कोशिशों के दौरान सोपोको का ऑफिस लंबे वक्त से अफगानिस्तान में धोखाधड़ी, बर्बादी और दुरुपयोग की जांच कर रहा है। सोपोको ने उपसमिति से कहा है कि बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन को देखते हुए अमेरिकी परियोजना की विफलता पर आश्चर्यचकित नहीं होना चाहिए। भ्रष्टाचार इतना बढ़ गया कि इसने अंततः अफगानिस्तान में सुरक्षा और पुनर्निर्माण मिशन के लिए खतरा पैदा कर दिया। अमेरिका सहित कई अन्य देशों ने अफगानिस्तान को करीब-करीब सभी सहायता बंद कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *