ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर मंडी लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार घोषित

नई दिल्ली

हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा ने कारगिल युद्ध में हिस्सा लेने वाले ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को मैदान में उतारा है। वह कारगिल युद्ध के दौरान 18 ग्रेनेडियर्स के कमांडिंग ऑफिसर थे। 1999 में टाइगर हिल से पाकिस्तान को खदेड़ने वाली यूनिट का यह भी एक हिस्सा थी। इसके साथ ही भाजपा ने दादर एवं नागर हवेली से महेश गावित और मध्य प्रदेश की खंडवा सीट से ज्ञानेश्वर पाटिल को मैदान में उतारा है। इसके अलावा 30 अक्टूबर को देश के कई राज्यों की 16 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी पार्टी ने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है।

मंडी लोकसभा सीट पर उपचुनाव काफी रोचक होने वाला है। कांग्रेस ने इस सीट से पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह को मैदान में उतारा है। वीरभद्र सिंह के निधन के बाद कांग्रेस को प्रतिभा सिंह के जरिए सहानुभूति मिलने की उम्मीद है। यह सीट भाजपा के पूर्व सांसद रामस्वरूप शर्मा की मौत के बाद खाली हुई थी। 2014 से ही भाजपा यहां काबिज रही है, जिसे इस बार भी बचाए रख पाना उसके लिए चुनौती होगा। रामस्वरूप शर्मा इसी साल मार्च में अपने दिल्ली स्थित आवास में संदिग्ध अवस्था में मृत पाए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *