फोर्ब्स ने जारी की देश के अमीर लोगों की लिस्ट

नई दिल्ली
भारत के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में रिलाइंस  इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी पहले पायदान पर हैं. दुनियाभर में अमीरों की जानकारी देने वाली मैगजीन फोर्ब्स के अनुसार साल 2021 में मुकेश अंबानी भारत के सबसे अमीर व्यक्ति हैं. अंबानी साल 2008 से लगातार 14वें साल अरबपतियों की लिस्ट में शीर्ष पर हैं. अमीरों की इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर गौतम अडानी  और तीसरे नंबर पर शिव नाडर हैं.

फोर्ब्स ने भारत के सबसे अमीर व्यक्तियों की लिस्ट जारी की है. इसके मुताबिक मुकेश अंबानी की संपत्ति करीब 93 बिलियन डॉलर यानी 6.96 लाख करोड़ रुपये है. इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर काबिज गौतम अडानी के पास  74.8 बिलियन डॉलर यानी 5.61 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति है. फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कोरोना महामारी के दूसरे वर्ष में भारत के सबसे अमीरों ने अपनी संपत्ति में 50 प्रतिशत की वृद्धि की.

फोर्ब्स का कहना है कि इस लिस्ट में फैमिली, शेयर बाजार, विश्लेषकों और भारत की रेग्युलेटर एजेंसियों से मिली शेयरहोल्डिंग और फाइनेंशियल जानकारी के आधार पर इसे तैयार किया जाता है. रैंकिंग में फैमिली फॉर्च्यून को लिस्ट किया जाता है. प्राइवेट कंपनियों का वैल्यूएशन सार्वजनिक रूप से कारोबार करने वाली समान कंपनियों के आधार पर किया गया था.

100 सबसे अमीरों की संपत्ति अब 775 अरब डॉलर
कोविड -19 की दूसरी लहर के बाद भारत ने दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में निवेशकों का विश्वास बहाल कर दिया. नई ऊंचाईयों को छूते हुए बेंचमार्क सेंसेक्स एक साल पहले के मुकाबले 52 प्रतिशत बढ़ गया. इसके बाद देश के 100 सबसे अमीर लोग और ज्यादा अमीर हो गए. फोर्ब्स के मुताबिक देश के 100 अमीर लोगों ने पिछले 12 महीनों में 50% बढ़त के साथ 257 बिलियन डॉलर की कमाई की. इस कमाई के बाद उनकी संपत्ति 775 बिलियन डॉलर के रिकॉर्ड मूल्य पर पहुंच गई है. यानी कि अब भारत के 100 सबसे अमीरों की संपत्ति अब 775 अरब डॉलर है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *