लखीमपुर में मारे गए किसानों के परिवार को पंजाब और छत्तीसगढ़ सरकार देगी 50-50 लाख रुपये

  लखनऊ

लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए किसानों के परिवार को पंजाब और छत्तीसगढ़ सरकार ने 50-50 लाख रुपये देने का ऐलान किया है. उन्होंने घटना की कवरेज के दौरान मारे गए पत्रकार के परिवार को भी 50-50 लाख रुपये देने की बात कही है. दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की ओर से की जा रही आर्थिक मदद योगी सरकार के मुआवजा राशि से ज्यादा है.

योगी सरकार ने मृतकों के परिवार को 45 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है. मरने वालों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी. साथ ही घायलों को 10 लाख दिए जाएंगे. वहीं, घटना की न्यायिक जांच करने का वादा भी किया गया है.

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि लखीमपुर हिंसा में मारे गए किसान समेत पत्रकार के परिवार को उनकी सरकार की ओर से 50-50 लाख रुपये दिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि मुझे दुख है कि उन पर किस तरह योजना बनाकर हमला हुआ. किसानों को मारा जाएगा तो हम चुप नहीं बैठ सकते.

सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि पीड़ित परिवारों के साथ पूरा हिंदुस्तान खड़ा है. छत्तीसगढ़  सरकार की ओर से प्रत्येक पीड़ित किसानों के परिवार को 50 लाख रुपये और पीड़ित पत्रकार के परिवार को भी 50 लाख रुपये दिए जाएंगे.

बता दें कि दोनों राज्यों के सीएम आज राहुल गांधी के साथ पीड़ित परिवारों से मिलने लखीमपुर जा रहे हैं. भूपेश बघेल मंगलवार को ही पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे, लेकिन सुरक्षा का हवाला देते योगी सरकार ने उन्हें लखनऊ एयरपोर्ट से ही नहीं निकलने दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *