प्रदेश में नए साल से 108 एंबुलेंस और जननी एक्सप्रेस का संचालन नई कंपनी के हाथो में
भोपाल
प्रदेश में 108 एंबुलेंस और जननी एक्सप्रेस का नए सिरे से संचालन करने के लिए चार कंपनियां आगे आई हैं। जिन कंपनियों की तकनीकी निविदा खोली गई है, इनमें महाराष्ट्र की जिकित्जा हेल्थकेयर लिमिटेड, छत्तीसगढ़ की जय अंबे कंपनी, आंध्र प्रदेश की जीवीके और मप्र की कैम शामिल हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मप्र इकाई के अफसरों ने बताया कि अब इन कंपनियों की तकनीकी निविदा की जांच की जाएगी। इसमें मापदंडों पर खरा उतरने वाली कंपनियों की वित्तीय निविदा खोली जाएगी। वित्तीय निविदा खुलने में करीब 15 दिन लगेंगे। इसके बाद कंपनी का चयन होगा। एनएचएम के अफसरों ने बताया कि नई कंपनी को सेवाओं के संचालन के लिए दो महीने का वक्त दिया जाएगा। यानी अगले साल से नई कंपनी काम शुरू करेगी। नई कंपनी आने के बाद प्रदेश में एंबुलेंस की संख्या 606 से बढ़कर 1002 हो जाएंगी। इसी तरह से जननी एक्सप्रेस 820 से बढ़कर 1050 हो जाएंगी।
नई कंपनी आने के बाद ये सुविधाएं बढ़ेंगी
अभी हर जिलें में सिर्फ एक एडवांस लाइफ सपोर्ट वाली एंबुलेंस है। नई कंपनी के आने के बाद इनकी संख्या 167 हो जाएगी। इन एंबुलेंस में वेंटिलेटर और जीवन रक्षक उपकरण लगे होते हैं।
एंबुलेंस के लिए फोन लगाने वाले व्यक्ति के एंड्राइड फोन की लोकेशन के आधार पर एंबुलेंस पहुंच जाएगी। इसका फायदा यह होगा कि पता बताने में करीब दो मिनट जो समय बेकार जाता है, यह समय बचेगा।
एंबुलेंस की निगरानी की व्यवस्था और दुरुस्त की जाएगी।
नई एंबुलेंस में ऐसे वाहनों को शामिल किया जा रहा है जिनकी रफ्तार अच्छी हो और जो ग्रामीण क्षेत्रों में आसानी से चल सकते हैं।
