भाजपा-कांग्रेस के उम्मीदवारों का ऐलान कल, कैंडिडेट नवरात्र में भरेंगे फार्म

भोपाल
उपचुनावों को लेकर आज या कल भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर देगी। भाजपा में पैनल दिल्ली जा चुके हैं, जबकि कांग्रेस में आज कमलनाथ और प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी मुकुल वासनिक की मुलाकात के बाद उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए जाएंगे।  इस बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भाजपा वंशवाद, परिवारवाद से सर्वथा दूर रहकर टिकट का चयन करती है। पार्टी विचार करके फैसला करती है। हमारी पार्टी में अलग से कोई नाम नहीं जाते और न ही यहां गुटबाजी है। पार्टी के स्थानीय नेतृत्व और केंद्रीय नेतृत्व के बीच चर्चा होती है।

केंद्रीय नेतृत्व इसे फाइनल करता है। वैसे भी नवरात्र पर्व आ रहे हैं। नामांकन फार्म तो नवरात्र प्रारंभ होने पर ही भरेंगे। इसके लिए सारी प्रक्रिया पूरी हो गई है और जल्द ही नाम घोषित हो जाएंगे।  उधर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि टिकट के लिए सभी नाम फाइनल कर लिए गए हैं। केंद्रीय नेतृत्व को नाम भेजे गए हैं और जल्द ही टिकट का ऐलान कर दिया जाएगा।  गौरतलब है कि भाजपा में फिलहाल हर सीट पर पेंच फंसा हुआ है। खंडवा में हर्षवर्धन सिंह चौहान और अर्चना चिटनीस प्रबल दावेदार हैं। जबकि पृथ्वीपुर में भाजपा से टिकट की दावेदारी कर रहे नेताओं में बाहरी को लेकर विरोध शुरू हो गया है। वहीं रैगांव में पार्टी के सामने कई दावेदार हैं, इसलिए यहां चयन मुश्किल हो रहा है। जबकि जोबट में सुलोचना रावत और विशाल रावत के पार्टी में आने से भाजपा के ही लोग विरोध कर रहे हैं।

इधर कांग्रेस को भी टिकट तय करने में बड़ी मशक्कत करना पड़ रही है। खंडवा में ऐन वक्त पर अरुण यादव के चुनाव लड़ने से इंकार के बाद यहां पर कांग्रेस के सारे समीकरण बदल गए हैं। इसी तरह रैगांव विधानसभा के लिए दावेदारी कर रही दो महिलाओं ने एक दूसरे के खिलाफ कमलनाथ से लेकर एआईसीसी तक को शिकायतें भेज दी है। एक दावेदार पर भाजपा से संपर्क में होने का आरोप भी लगाया जा रहा है। जोबट में कांग्रेस उम्मीदवार के चयन में जयस ने पेंच फंसा रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *