नि:शुल्क दुग्ध जाँच शिविर मंगलवार को आकृति ग्रीन्स में
भोपाल
भोपाल सहकारी दुग्ध संघ द्वारा भोपालवासियों को शुद्ध दुग्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से "साँच को आँच क्या, खुद परखो, खुद जानो'' नि:शुल्क जाँच अभियान चलाया जा रहा है। दो अक्टूबर से आरंभ अभियान में आकृति ईको सिटी और बावड़ियाकला में आयोजित शिविर में 54 दूध सेम्पलों की नि:शुल्क जाँच की गई। किसी भी ब्रॉण्ड के पैकेट बंद दूध में कोई मिलावट नहीं पाई गई। वहीं खुले दूध में कुछ मात्रा में पानी पाया गया। शिविर में लोग उत्साह के साथ दूध का सेम्पल लेकर पहुँच रहे हैं। पाँच अक्टूबर को आकृति ग्रीन्स सलैया में सुबह 7 से 10 बजे तक नि:शुल्क जाँच शिविर लगेगा।
भोपालवासियों को मिल रहा है उच्च गुणवत्ता का दूध
मुख्य कार्यपालन अधिकारी भोपाल सहकारी दुग्ध संघ आर.पी.एस. तिवारी ने बताया कि गुणवत्तापूर्ण दुग्ध आपूर्ति के कारण ही एफएसएसएआई (FSSAI) द्वाराभोपाल दुग्ध संघ डेयरी संयंत्र को गत वर्ष ए-प्लस श्रेणी प्रदान की गई है। दुग्ध संघ 44 सालों से भोपालवासियों को साँची दूध और दुग्ध उत्पाद उपलब्ध करा रहा है। संघ ग्रामीण क्षेत्रों से दूध संकलित कर आईएसओ प्रमाणित अत्याधुनिक संयंत्र में प्र-संस्करित कर उच्च गुणवत्ता का दूध उपभोक्ताओं तक पहुँचाता है। साँची दूध और दुग्ध उत्पाद 33 कड़े मानकों से गुजरने के बाद उपभोक्ताओं तक पहुँचते हैं।
जाँच शिविर में अग्रिम कार्ड भी बनवा सकेंगे उपभोक्ता
दुग्ध संघ द्वारा भोपाल निवासियों के लिये कई सालों से एडवांस कार्ड योजना संचालित की जा रही है। इसमें एक माह का अग्रिम कार्ड बनवाने पर उपभोक्ताओं को 50 पैसे प्रति लीटर की छूट प्रदान की जाती है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिये होम डिलेवरी व्यवस्था भी संबंधित डिपो और पार्लर एजेंटों द्वारा की जाती है। अभियान के तहत उपभोक्ता शिविर में ऑन द स्पॉट अग्रिम कार्ड भी बनवा सकते हैं।
