बेहतर उपचार, स्वास्थ्य सेवाओं के साथ अस्पताल को क्लीन एण्ड ग्रीन भी रखें

भोपाल

लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा है कि शासकीय चिकित्सालयों में बेहतर उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं के साथ अस्पताल परिसर को क्लीन एण्ड ग्रीन रखा जाये। मरीजों को दवाइयों के साथ स्वास्थ्यवर्धक वातावरण भी अस्पतालों में मिलना चाहिये। उन्होंने कहा कि ओपीडी पंजीयन काउंटर को ऐसे स्थान पर बनायें, जहाँ पर आने वालों को संक्रमित मरीजों के एक्सपोजर से दूर रखा जा सके। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी सोमवार को मंत्रालय से वीडियो कॉलिंग के माध्यम से वर्चुअली हरदा और भिण्‍ड जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों से चर्चा करने के बाद सीएमएचओ और सिविल सर्जन से अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ले रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सभी जिले के सीएमएचओ और अस्पतालों के सिविल सर्जन को इस आशय के निर्देश दिये जा रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने हरदा जिला चिकित्सालय में भर्ती हैदर नबी बख्श, श्रीमती शिवानी प्रजापति और भिण्ड जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों के साथ भिण्ड जिले की सुमन हेल्प डेस्क की प्रभारी निहारिका से भी चर्चा की। मरीजों ने बताया कि उन्हें अस्पताल में बेहतर और नि:शुल्क उपचार मिल रहा है। डॉक्टर और स्टॉफ द्वारा बेहतर देखभाल और अस्पताल से नाश्ता और भोजन भी मिल रहा है। अस्पताल की व्यवस्थाओं से वह संतुष्ट हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी प्रत्येक सोमवार को मंत्रालय से दो जिला अस्पतालों में भर्ती मरीजों से वीडियो कॉलिंग कर वर्चुअली संवाद करते हैं। इसी क्रम में सोमवार 4 अक्टूबर को भी स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने मरीजों से वर्चुअली संवाद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *