दिल्ली विश्वविद्यालय ने जारी किए एडमिशन प्रक्रिया के विस्तृत दिशा-निर्देश

नई दिल्ली
दिल्ली विश्वविद्यालय में सोमवार से पहली कटऑफ का दाखिला शुरू होगा। डीयू ने इसके लिए विस्तृत दिशा निर्देश जारी किए हैं। डीयू ने इसे अपनी वेबसाइट पर भी अपलोड किया है। डीयू दाखिला शाखा की प्रमुख का कहना है कि दाखिला से पहले छात्र इन दिशा निर्देशों परध्यान देंगे तो उन्हें परेशानी नहीं होगी। 4 अक्तूबर से 6 अक्तूबर के बीच छात्र दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं। 7 अक्तूबर को छात्रों के दाखिले प्रिंसिपल को अप्रूव करने होंगे। 8 अक्तूबर तक छात्र दाखिला की फीस जमा कर सकते हैं।

कैसे करें आवेदन
पहले चरण में छात्रों को लॉगइन करके अपना प्रोग्राम और कॉलेज चुनना होगा। छात्रों को यह देखना होगा कि उनका बेस्ट ऑफ फोर या बेस्ट ऑफ थ्री कॉलेज द्वारा जारी कटऑफ के अनुकूल है कि नहीं। उसके बाद कार्यक्रम और कॉलेज का चयन कर दूसरे चरण में प्रवेश करें। दूसरे चरण में डैशबोर्ड से छात्र संबंधित कॉलेजों द्वारा दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन करने के बाद संयोजक प्रवेश के लिए प्रमाणपत्रों की दोबारा जांच करेगा और उसे स्वीकृत या अस्वीकृत करेगा। इसकी सूचना छात्र को उसके डैशबोर्ड पर प्राप्त होगी। अंत में कॉलेज के प्राचार्य स्वीकृति देंगे तब जाकर छात्र अपनी फीस जमा कर पाएगा।

दस्तावेजों में कमी मिली तो छात्र से करेंगे संपर्क
डीयू ने यह स्पष्ट किया है कि यदि किसी छात्र के दस्तावेजों में कमी पाई जाती है तो इसके लिए कॉलेज छात्रों से संपर्क करेगा। इसके लिए संबंधित कॉलेज द्वारा पंजीकृत ईमेल आईडी, फोन नंबर पर कॉलेज संपर्क करेंगे। सभी कॉलेज इसके लिए एक ईमेल आईडी निर्दिष्ट करेंगे। यदि छात्र निर्धारित समय के अंदर दस्तावेज या संबंधित स्पष्टीकरण नहीं देता है तो उनका आवेदन रद्द कर दिया जाएगा। डीयू ने यह भी स्पष्ट किया है किसी भी स्थिति में कोई भी आवेदन अनिर्णित नहीं छोड़ा जाएगा। इसे या तो स्वीकृत या अस्वीकार किया जाएगा। अस्वीकृत होने की स्थिति में प्राचार्य उसकी वजह भी बताएंगे।

निर्धारित समय में जमा करें फीस
डीयू ने पहली कटऑफ के तहत फीस जमा करने की अंतिम तिथि 8 अक्तूबर तय की है। डीयू ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि छात्र निर्धारित समय के अंदर फीस जमा नहीं करते हैं तो उनका दाखिला अस्वीकृत माना जाएगा। यदि कोई उम्मीदवार अस्वीकृति के कारण से संतुष्ट नहीं है तो वह कॉलेज की शिकायत समिति को शिकायत कर सकता है। कॉलेज की वेबसाइट पर शिकायत निवारण समिति के लोगों की सूचना और ईमेल आईडी उपलब्ध है।

फीस जमा करने के बाद स्लिप लेना न भूलें
डीयू ने यह भी स्पष्ट किया कि छात्र जब भी फीस जमा करें तो उसकी स्लिप जरूर ले लें। क्योंकि, यदि छात्र अपना दाखिला रद्द कराता है तो उस स्लिप की आवश्यकता होगी। फीस के सफल भुगतान पर एक पावती पर्ची उसे दूसरे कॉलेज में दाखिला लेने पर जमा करानी होगी।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *