हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने सरकार की मंशा, बेमेतरा में होगी दो एथेनॉल प्लांट की स्थापना
बेमेतरा
पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मॉडल स्कूलों को भले ही केंद्र सरकार ने अपने हाथ में ले लिया हो लेकिन राज्य सरकार इसे अपने अधीन में लेकर अंग्रेजी माध्यम से तब्दील करने का प्रयास करेगी। हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने की सरकार की मंशा हैं और इसके लिए प्रयास जारी हैं। वही प्रभारी मंत्री टीएस सिंहदेव की गैर मौजूदगी पर बघेल का कहना था कि जब स्वयं मुख्यमंत्री यहां मौजूद हैं तो प्रभारी मंत्री की क्या जरूरत। इसके साथ ही जिले में दो एथेनॉल प्लांट की स्थापना भी की जाएगी।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 7 हजार व्यक्तियों के पीछे एक डॉक्टर है इसीलिए राज्य सरकार पहले लोकसभा स्तर पर मेडिकल कॉलेज खोलने की तैयारी कर रही थी लेकिन मांग बढ़ती गई और मेडिकल कॉलेज कोरबा, कांकेर, महासमुंद एवं चंदूलाल चंद्राकार हॉस्पिटल में खोले गए हैं। बेमेतरा में भी मेडिकल कॉलेज खोलने की तैयारी है तथा जांजगीर लोकसभा में भी मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। स्थानीय अस्पताल में डॉक्टरों की कमी के सवाल के जवाब में बघेल ने कहा कि डॉक्टरों की कमी पूरे राज्य में जरूर बनी हुई है लेकिन यह सभी पद जल्द ही भर लिए जाएंगे और डॉक्टरों की कमी भी दूर हो जाएगी।
जिले में रोजगार के लिए उद्योग की स्थापना करने की जरुरत है कि ताकि किसानों को रोजी-रोटी के लिए बाहर जाना ना पड़े। स्थानीय स्तर पर फैक्ट्रियों के लग जाने से रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलेंगे, साथ ही पूर्ण जैविक खेती की ओर किसानों को अग्रसर करने के लिए गौठान में अनेक तरह के लघु उद्योग स्थापना की तैयारी की जा रही है। जिले में आईटीआई की स्थापना की जाएगी साथ ही पत्रकारवार्ता के माध्यम से लोगों को जानकारी दी कि जल्द ही जिले में दो एथेनॉल प्लांट की स्थापना होगी जिसकी स्वीकृति राज्य सरकार ने दे दी हैं। कोरोना काल में सरकार और प्रशासन की तारीफ करते हुए उन्होंने सभी के योगदान से जिले और राज्य में लोगों को कोरोना वायरस से बचाने में सरकार सफल रही।
केंद्र सरकार द्वारा संचालित राज्य में मॉडल स्कूल के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में बघेल ने कहा कि केंद्र सरकार के द्वारा इसे ठेके पर दे दिया गया है, लेकिन राज्य सरकार जरूर इसे अंग्रेजी माध्यम में तब्दील कर अपने अधीन में लेने के लिए प्रयास करेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष-2017 में 15 लाख किसान रजिस्टर्ड थे और 22 लाख किवंटल धान की खरीदी हुई थी जब से राज्य में कांग्रेस की सरकार ने 25 सौ रुपए किसानों को समर्थन मूल्य दिए गए हैं। तब से 22 लाख किसान खेती कर 27 लाख हेक्टेयर में धान की पैदावारी ले रहे हैं। पत्रकार वार्ता में गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री रविंद्र चौबे, स्थानीय विधायक आशीष छाबड़ा एवं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बंशीलाल पटेल भी उपस्थित थे।
