आसपास के क्षेत्र में हुई बारिश के कारण फिर खोला गया यशवंत सागर का एक गेट
इंदौर
शहर और आसपास के क्षेत्र में हुई बारिश के कारण रविवार सुबह यशवंत सागर का एक गेट फिर खोला गया। तालाब की क्षमता 19 फीट है और कैचमेंट एरिया से लगातार पानी आने के कारण अतिरिक्त पानी बहाने के लिए गेट खोला गया। इससे पहले सितंबर में भी कई बार एक-एक गेट खोला जा चुका है।
यशवंत सागर के प्रभारी और नगर निगम के यंत्री रोहित राय ने बताया कि रविवार सुबह 10 बजे एक गेट खोला गया है। उम्मीद है कि चार-पांच घंटे में अतिरिक्त पानी बह जाएगा, उसके बाद गेट बंद कर दिया जाएगा। प्रभारी ने बताया कि गेट खोलने से पहले नियमानुसार डाउनस्ट्रीम के गांवों और उज्जैन स्थित बांध आफिस को सूचना दे दी गई थी। हालांकि, इस साल यह मौका नहीं आया, जब दो या उससे ज्यादा गेट खोलने पड़े हों।
यशवंत सागर में अतिरिक्त पानी बहाने के लिए छह गेटों की व्यवस्था है। शहर के बड़े बिलावली तालाब में अभी भी 10 फीट पानी आने की गुंजाइश बाकी है। जो तालाब आगामी दिनों में भरने की संभावना है, उनमें छोटा बिलावली, बड़ा सिरपुर और छोटा सिरपुर तालाब शामिल हैं। पीपल्यापाला तालाब पहले ही क्षमता के अनुसार भर चुका है। पिछले दो-तीन दिन से दिन में एक बार बारिश हो ही रही है, इसलिए तालाबों में कम मात्रा में ही सही, लेकिन पानी की आवक भी हो रही है।
