MP में 88% से ज्‍यादा लोगों को लग चुकी पहली डोज, देश में बनाया पहला स्थान

भोपाल
प्रदेश में शनिवार को सिर्फ एक लाख दो हजार 495 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया। भोपाल में 2,299 लोग ही टीका लगवाने के लिए पहुंचे। हालांकि, तय लक्ष्य के मुकाबले पहली डोज लगाने के मामले में मप्र देश में अव्व्ल है। यहां पांच करोड़ 49 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है। इनमें अभी तक चार करोड़ 85 लाख 94 हजार (88.5 फीसद) को पहली डोज लग चुकी है। फर्स्‍ट डोज वैक्‍सीनेशन के मामले में दूसरे नंबर पर गुजरात है, जहां 86 फीसद से अधिक लोग पहली डोज लगवा चुके हैं। इसके बाद कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और राजस्‍थान क्रमश: तीसरे, चौथे और पांचवे पायदान पर हैं।

भोपाल में तय लक्ष्य से 13 हजार ज्यादा लोगों को पहली डोज लगी है। हालांकि, दूसरी डोज लगवाने के प्रति कई लोग अब भी लापरवाही बरत रहे हैं। हालत यह है कि दो दिन से भोपाल में ढाई हजार से भी कम लोग टीका लगवाने के लिए पहुंच रहे हैं। उधर, जिन जिलों में टीकाकरण कम हुआ है, वहां लोगों के घर के पास टीका लगाने के लिए मोबाइल वैन चलेंगी। इसका फायदा यह होगा कि दिव्यांग और बुजुर्ग लोगों को उनके घर के पास टीका लग जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *