250 करोड़ का स्काइवॉक बना, तब नहीं दिखा भ्रष्टाचार – ढेबर

रायपुर
बारिश,अपना शहर रायपुर और लोगों की परेशानी के बीच राजनीतिक बयानबाजी का दौर और तेज हो गया है। भाजपा व कांग्रेस के सभी छोटे-बड़े नेता एक दूसरे को आईना दिखाने में लगे हुए हैं। पूर्व मंत्री मूणत ने जैसे ही रायपुर नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बताया वैसे ही महापौर ढेबर का बयान आ गया कि 250 करोड़ का स्काइवॉक बना, तब नहीं दिखा भ्रष्टाचार। स्वीमिंग पूल का नजारा तो भाजपा शासनकाल में बने अंडरब्रिज पर दिख रहा है।

पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर आगे लिखा कि स्मार्ट सिटी का पैसा खाने के लिए गैर जरूरी काम भी करवाए। अब लोगों पर डेंगू, मलेरिया और पीलिया का खतरा मंडरा रहा है। इधर पलटवार करते हुए महापौर एजाज ढेबर ने कहा, जब भाजपा सरकार ने 250 करोड़ का स्काइवॉक बना दिया तब उनको भ्रष्टाचार दिखाई नहीं दिया। मूणत जी ने कई सारे अंडरब्रिज बना दिए तो क्या वे स्वीमिंग पूल थे।गुढियारी में जो अंडरब्रिज बने हैं, सबसे ज्यादा पानी तो वहीं भरता है। 10-10, 20-20 फीट तो पानी वहां भरता है। वह किसके लिए बनाए हैं, अपने नहाने के लिए बनाए हैं क्या। महापौर ने कहा कि 15 साल इनकी सरकार रही, किसी ने रायपुर की ओर नहीं देखा। सभी नया रायपुर गए। वहां 20 हजार करोड़ रुपए खर्च किया। मगर पुराने रायपुर में एक रुपए खर्च नहीं किया। यहां अगर प्लानिंग किए रहते, अच्छे से ड्रेनेज पर काम हुआ होता तो यह पानी भरने की समस्या ही न होती।

महापौर एजाज ढेबर ने कहा कि पानी जब इतना जमकर गिरेगा तो मैं और आप कुछ नहीं कर सकते। यह प्राकृतिक है। पानी का हम कुछ नहीं कर सकते। यह जरूर है कि जनहानि न हो, लोगों को परेशानी न हो, लोगों के घर में परेशानी न हो इसके लिए हम प्रतिबद्ध हैं। लोगों को परेशानी से बचाने के लिए नगर निगम कर्मचारियों को दिन-रात पूरे समय के लिए काम पर लगा दिया गया है। अलग-अलग नोडल अधिकारी बनाकर जिम्मेदारियां बांटी हैं। जोन में लोग हर समय रहेंगे। बारिश होगी तो हर आदमी, हर अधिकारी निकलेगा। जब सब निकलेंगे तो लोगों को पानी की वजह से हो रही परेशानी काफी हद तक दूर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *