ममता बनर्जी के करीबी तक पहुंचा CBI का शिकंजा, नंदीग्राम में इलेक्शन एजेंट रहे शेख सुफियान तलब
नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा की जांच कर रही सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) का शिकंजा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी तक पहुंच गई है। सीबीआई ने नंदीग्राम में ममता बनर्जी के इलेक्शन एजेंट रहे शेख सुफियान को गुरुवार को तलब किया है। नंदीग्राम में चुनाव परिणाम के बाद हिंसा के दौरान एक हत्या के मामले में शेख को पूछताछ के लिए बुलाया है। ममता बनर्जी इस सीट पर चुनाव हार गई थीं। अधिकारियों ने बताया कि यह देबब्रत मैती पर हमले से संबंधित है। 3 मई को उन पर अज्ञात लोगों ने हमला किया था। 10 दिन बाद इलाज के दौरान मैती की अस्पताल में मौत हो गई। नंदीग्राम में ममता बनर्जी और बीजेपी प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी के बीच कड़ा मुकाबला हुआ था। कभी ममता के दाएं हाथ रहे शुभेंदु ने उन्हें करीब 2 हजार वोटों से हरा दिया था। टीएमसी नेता सुफियान ने ही ममता बनर्जी पर चुनाव प्रचार के दौरान कथित हमले की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच एजेंसी ने चुनाव बाद हिंसा के मामले में एक और हत्या संबंधी जांच शुरू की है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि सीबीआई ने अभी तक ऐसे 35 केस दर्ज किए हैं। गोबिंद बर्मन ने 12 आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिन्होंने कखित तौर पर कूच बिहार में वोटिंग बूथ पर बम फेंके थे, जहां बर्मन और उनका परिवार 19 अप्रैल को मतदान के लिए गया था। बर्मन ने कहा कि एक आरोपी ने उनके भाई को निशाना बनाते हुए गोली चलाई जिससे वह जमीन पर गिर पड़े और अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
