वेस्टइंडीज के लीजेंड माइकल होल्डिंग ने क्रिकेट कमेंट्री से किया संन्यास का ऐलान
नई दिल्ली
वेस्टइंडीज क्रिकेट के दिग्गज तेज गेंदबाज माइकल होल्डिंग ने क्रिकेट कमेंट्री से संन्यास लेने का बुधवार को ऐलान कर दिया। होल्डिंग क्रिकेट में सबसे प्रभावशाली और व्यापक रूप से पहचानी जाने वाली आवाजों में से एक रहे हैं, लेकिन पिछले वर्ष में उन्होंने कई बार एक पेशेवर कमेंटेटर से दूर होने का संकेत दिया था। 66 साल के होल्डिंग पिछले 20 साल से स्काय स्पोर्ट्स की कमेंट्री टीम का हिस्सा थे। बढ़ती उम्र और क्रिकेट के व्यस्त शेड्यूल को देखते हुए उन्होंने 2021 के अंत में कमेंट्री को भी अलविदा कहने का पक्का मन बना लिया है। होल्डिंग अब 2021 के बाद कमेंट्री नहीं करेंगे। होल्डिंग ने वेस्टइंडीज के लिए 60 टेस्ट और 102 वनडे में 391 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने 1987 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद कमेंट्री में अपनी दूसरी पारी की शुरुआत की थी। उन्होंने आईपीएल में कमेंट्री करने से इनकार कर दिया था। उनका कहना था कि वो आईपीएल को क्रिकेट ही नहीं मानते हैं। होल्डिंग के इस बयान के बाद लोग उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल करने लगे थे।
होल्डिंग ने बीबीसी पॉडकास्ट में अपने कमेंटेटर के रोल के बारे में बात करते हुए कहा, ' कैरेबियन में मुझे पक्षपात करने वाले कहा जाता था: 'ये त्रिनिदाद को पसंद नहीं करता, ये एंटिगा के लोगों को पसंद नहीं करता, गयाना के लोगों को भी ये पसंद नहीं करता' कुछ समय बाद, मैं कुछ भी कहता था ये लोग पसंद नहीं करते थे। लेकिन अब मैं जो भी कहता हूं उसकी इज्जत करते हैं। इसलिए मैं पब्लिक ओपिनियन के बारे में ज्यादा नहीं सोचता।' उन्होंने अप्रैल में एक शो में कहा था, ' मुझे नहीं पता कि साल 2020 के बाद मैं कितनी कमेंट्री करूंगा। मैं खुद को इसमें ज्यादा दूर तक जाता नहीं देखता। मैं 66 साल का हूं, मैं 36, 46 या 56 साल का नहीं हूं। मैं स्काई से कहा था कि मैं एक बार में एक साल से ज्यादा का कमिटमेंट नहीं दे सकता। अगर ये साल पूरी तरह से बर्बाद होता है तो मैं 2021 के बारे में सोच सकता हूं क्योंकि मैं बस यूं ही स्काई से नहीं भाग सकता, इस कंपनी ने मेरे लिए बहुत कुछ किया है।'
