बदलें भोजन का स्वाद आएगी अच्छी नींद
क्या आप जानते हैं कि जो खाना आप स्वाद लेकर खाते हैं, वह रात में आपकी अच्छी या खराब नींद का कारण बन सकता है? आपको यह सुनने में अजीब लग रहा होगा, लेकिन सच तो यही है कि हमें जिस रात अच्छी नींद आती है, उसकी अगली सुबह हम ताजगी का अद्भुत एहसास करते हैं। इसलिए कई अध्ययन यह खुलासा करते हैं कि अच्छी नींद हमारे संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि कौन से भोजन अच्छी नींद लाने में हमारी मदद करते हैं।
ओटमील
अधिकतर लोग ओट्स को सुबह के नाश्ते के लिए सही मानते हैं, लेकिन यह शाम के समय भी बहुत अच्छा काम करता है। इसमें व्याप्त कार्बोहाइड्रेट शरीर में सेरोटोनिन का स्राव करता है। सेरोटोनिन एक फील गुड हार्मोन है, जो तनाव को कम करता है और आपके दिमाग को शांति की स्थिति में ले जाता है। ओटमील कार्बोहाइड्रेट युक्त होता है, इसलिए यह आपके रक्त के स्तर को बढ़ाता है, जिससे आपके शरीर में इंसुलिन का निर्माण बढ़ता है और नींद लाने वाले मस्तिष्क के रसायन का स्राव होता है। आधे सेब को अपने ओटमील में डालें, साथ में दालचीनी भी जरूर डालें। स्किम्ड दूध के साथ इसे खाएं और सुखद नींद पाएं।
अंगूर
अच्छी नींद पाने के लिए बिस्तर पर जाने से पहले आप अंगूर भी खा सकते हैं। अंगूर ही वह एकमात्र फल है, जिसमें नींद लाने वाले हार्मोन मेलाटोनिन होते हैं। इसलिए इन्हें अपनी डाइट में नियमित तौर पर शामिल करने से आप प्राकृतिक तौर पर अपने शरीर में सोने और जागने के चक्र को बेहतर करने में मदद पा सकते हैं। एक छोटी कटोरी में दही के साथ कुछ अंगूर खाने से आपको अतिरिक्त कैल्शियम भी मिलता है और यह बेहतरीन डिनर स्नैक्स भी बनता है।
चीज
लोग ऐसा नहीं मानते, लेकिन सच तो यह है कि चीज अच्छी नींद के लिए काफी फायदेमंद है। इसे लेने का सही तरीका यह है कि आप इसका इस्तेमाल ज्यादा न करें और बिस्तर पर जाने से कम से कम दो घंटे पहले ही इसका सेवन करें, ताकि पाचन तंत्र में दिक्कत न आए।
मेवे
कई अध्ययन बताते हैं कि बादाम में ट्राइप्टोफैन की उच्च मात्रा होती है, जो नींद लाने वाला रसायन एमिनो एसिड है। यह एमिनो एसिड सेरोटोनिन और मेलाटोनिन के निर्माण में मददगार है। अखरोट भी ट्राइप्टोफैन का बेहतरीन स्रोत है और इसमें भी मेलाटोनिन होता है। पिस्ते में विटामिन बी6 प्रचुर मात्रा में पाया जाता है, जो सेराटोनिन और मेलाटोनिन के निर्माण में सहायक है।
मछली
अधिकतर मछली में खासकर सामन और टूना में विटामिन बी6 होता है, जो मेलाटोनिन के बनने के लिए जरूरी है। मेलाटोनिन नींद को बढ़ाने वाला एक हार्मोन है, जो अंधेरे में बढ़ जाता है। यह एक व्यक्ति को अच्छी नींद में लाने के लिए जिम्मेदार है।
आलू
कार्बोहाइड्रेट प्राकृतिक नींद में सहायक है, क्योंकि यह पैंक्रियाज को उत्तेजित करके इंसुलिन का स्राव करता है। जब ऐसा होता है तो कुछ एमिनो एसिड ट्राइप्टोफैन के साथ मिल कर रक्त को छोड़ देते हैं और मांसपेशियों की कोशिकाओं में प्रवेश कर जाते हैं, जिससे रक्त में ट्राइप्टोफैन का स्तर बढ़ता है। इससे सेरोटोनिन का स्तर बढ़ जाता है। आलू, पास्ता, ब्रेड कार्बोहाइड्रेट के अच्छे स्रोत हैं।
