प्राकृतिक तरीकों से पाएं सफेद बालों से निजात

बालों का 40 साल की उम्र के बाद सफेद होना स्वाभाविक है, लेकिन अगर 20 या 30 साल में ही ये सफेद होने लगें तो चिंताजनक है। आम तौर पर ऐसा तब होता है, जब शरीर में बालों को काला रखने के लिए जिम्मेदार तत्व मेलनिन का उत्पादन कम हो जाता है। पोषण की कमी और आनुवंशिक कारणों के चलते भी कई बार ऐसा होता है। लेकिन तंबाकू का अत्यधिक सेवन, धूम्रपान और भावनात्मक तनाव भी इसका कारण हो सकता है। आइए आपको सफेद बालों की समस्या से निजात पाने के कुछ घरेलू उपचार बताते हैं।

आंवला
यह प्राकृतिक एसिट्रजेंट है, जो बालों का प्राकृतिक काला रंग बनाए रखने में मदद करता है।
इस्तेमाल का तरीका- आंवले को मसल कर उसकी गुठली निकाल दें। अब इसका पेस्ट बनाएं और सिर पर लगा लें। इसके बाद इससे बालों की जड़ों पर मालिश करें।

नारियल तेल और नीबू रस
यह सिर की त्वचा का रक्त संचार बढ़ाता है। इस तेल में बायोटीन, नमी और दूसरे तत्व होते हैं, जो बालों को सफेद होने से रोकते हैं और उन्हें मुलायम बनाते हैं।
इस्तेमाल का तरीका- इसमें दो भाग नारियल का तेल और एक भाग नीबू का रस मिलाएं। इस मिश्रण से सिर और बालों की मालिश करें।

करी पत्ता
यह बालों की जड़ों की मजबूती बढ़ाता है और बालों को जरूरी पोषक तत्व देता है।
इस्तेमाल का तरीका- करी पत्ते को नारियल के तेल में डाल कर चटखने तक गर्म करें। इसके बाद इसे छान लें और इससे बालों की मालिश करें। करीब 30-45 मिनट बाद सिर धो लें। यह प्रक्रिया हफ्ते में दो बार अपनाएं।

चाय या कॉफी
ये बालों का प्राकृतिक रंग बनाए रखने में मदद करते हैं।
इस्तेमाल का तरीका- पानी में चाय की पत्ती या कॉफी पाउडर डाल कर उसे 10 मिनट तक उबालें। बालों का रंग काला बनाए रखने के लिए चाय की पत्ती का प्रयोग कर लें और भूरा बनाए रखने के लिए कॉफी पाउडर का प्रयोग करें।

काला तिल
यह भी सफेद बालों को काला बनाने में काफी मददगार है।
इस्तेमाल का तरीका- हर रोज खाली पेट कच्चे तिल के बीजों को पानी के साथ खाना फायदेमंद होगा।

काला गुड़
यह भी बालों को सफेद होने से बचाता है। इसमें भरपूर मात्रा में तांबा होता है, जो हेयर पिगमेंट के निर्माण में सहायक होता है।
इस्तेमाल का तरीका- रोज सुबह एक चम्मच काला गुड़ खाएं। कुछ महीनों तक लगातार ऐसा करने पर सकारात्मक नतीजे मिलेंगे।

प्याज का पेस्ट
इससे बालों को पोषण मिलता है।
इस्तेमाल का तरीका- बालों पर प्याज का पेस्ट लगा लें। इसे एक घंटे बाद धो डालें। ऐसा करने से भी सफेद बाल काले हो जाएंगे।

मेहंदी और तेजपत्ता
ये दोनों ही वनस्पतियां बालों के रंग को गहरा करती हैं।
इस्तेमाल का तरीका- आधा कप सूखी मेहंदी और तेजपत्ते में दो कप पानी मिला कर उबालें। इस मिश्रण को कुछ देर तक रखा रहने दें। अब इसे छान लें और बालों को शैंपू से धोने के बाद उन पर इसे अच्छी तरह लगा दें। 15-20 मिनट के बाद दोबारा बाल धो लें। हर हफ्ते ऐसा करें।

चौलाई
यह भी बालों का काला रंग वापस लाने में मदद करती है और साथ ही बालों के विकास में भी मदद करती है।
इस्तेमाल का तरीका- चौलाई की पत्तियों को पीस लें और इसका पेस्ट अपने सिर पर लगा लें।

शिकाकाई
यह भी समय से पहले बाल को सफेद होने से रोकती है।
इस्तेमाल का तरीका- इसे लगाने से एक रात पहले पानी में भिगो दें। सुबह इस पानी को उबाल लें और इससे बाल धोएं। ऐसा नियमित रूप से करने पर बाल सफेद होने की समस्या से निजात मिलती है।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *