टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और पाकिस्तान बना सकती हैं जगह: आकाश चोपड़ा 

नई दिल्ली
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मौजूदा कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने संयुक्त अरब अमीरात और ओमान में होने वाले आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप की उन चार टीमों के नाम बताए हैं, जो सेमीफाइनल में जगह बना सकती हैं। आकाश ने मंगलवार को अपने ट्विटर हैंडल पर फैन्स के साथ सवाल-जवाब सेशन के दौरान बताया कि इस बार भारत, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और पाकिस्तान सेमीफाइनल में जाने की दावेदार हैं। चोपड़ा ने यहां टीम इंडिया को टी-20 वर्ल्ड कप जीतने का प्रबल दावेदार बताया, वहीं टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम वेस्टइंडीज को दूसरी फेवरेट टीम बताया। भारत 24 अक्टूबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा, जो कि टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के मुख्य दौर का पहला दिन होगा।

बता दें कि टी-20 वर्ल्ड कप का आयोजन पांच साल बाद हो रहा है। पिछला टूर्नामेंट भारत में खेला गया था, जहां वेस्टइंडीज दूसरी बार चैम्पियन बनकर उभरा था। पहले टी-20 वर्ल्ड कप भारत में खेला जाना था, लेकिन कोविड-19 महामारी के चलते इसको यूएई और ओमान शिफ्ट कर दिया गया। हालांकि इस टी-20 वर्ल्ड कप की मेजबानी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ही कर रहा है। बता दें कि इस बार कुल 16 टीमें इस मेगा इवेंट में भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले आठ देशों का क्वालीफाइंग टूर्नामेंट होगा, जो 23 सितंबर से शुरू किया जाएगा। इसमें श्रीलंका, बांग्लादेश और आयरलैंड की टीमें भी शामिल हैं। इसमें से चार टीमें सुपर-12 चरण के लिए क्वालीफाई करेगी।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *