इंग्लैंड के दिग्गज डेविड गावर ने जसप्रीत बुमराह को चुना टेस्ट सीरीज का बेस्ट बॉलर

नई दिल्ली
भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर टेस्ट रद्द होने के बाद बेशक टेस्ट सीरीज अचानक से समाप्त हो गई हो, लेकिन सीरीज का निराशाजनक अंत दुनिया की टॉप दो टीमों के बीच रोमांचक जंग और यादगार यादों को नहीं छीन सकता है। पांच मैचों की इस सीरीज में चार टेस्ट खेले गए और सभी रोमांचक थे। दोनों टीमों के बीच पहला मैच ड्रॉ रहने के बाद भारत ने लॉर्ड्स और ओवल मैदान पर बाजी मारी, जबकि इंग्लैंड ने हैडिंग्ले में टीम इंडिया को पटखनी दी। इस सीरीज के खत्म होने के बाद इंग्लिश दिग्गज डेविड गावर ने जसप्रीत बुमराह, जेम्स एंडरसन और ओली रोबिन्सन में से बेस्ट गेंदबाज चुना है। इन तीनों ही गेंदबाजों ने अपनी स्पीड और स्विंग गेंदबाजी से पूरी टेस्ट सीरीज में बल्लेबाजों को रनों के लिए तरसा दिया। गावर ने तीनों तेज गेंदबाजों को लेकर कहा कि, 'तीनों ही अभूतपूर्व थे, लेकिन बुमराह के पास एंडरसन और रोबिन्सन के मुकाबले बढ़त है।' गावर ने 'क्रिकेट डॉट कॉम' से बात करते हुए बताया कि, 'भारत और इंग्लैंड दोनों टीमों के सभी गेंदबाजों के प्रदर्शन में इस सीरीज में उतार-चढ़ाव देखे गए, लेकिन बुमराह, एंडरसन और रोबिन्सन ने लगातार अच्छी गेंदबाजी की।'

उन्होंने आगे कहा कि, 'तीनों में से किसी एक को चुनना काफी मुश्किल है। जिमी जिम्मी को बॉलिंग करते हुए देखकर अच्छा लगता है, क्योंकि उन्होंने साबित कर दिया है कि उम्र सिर्फ एक आंकड़ा है। उनकी फिटनेस उनको एक अलग मुकाम पर ले जाती है।' बता दें कि 39 वर्षीय एंडरसन ने चार टेस्ट में 15 विकेट चटकाए। गावर ने यहां बुमराह की तारीफ करते हुए कहा कि, 'टेस्ट सीरीज में बुमराह के एक स्पैल से अंतर पैदा हो गया। ओवल टेस्ट के पांचवें दिन इंग्लैंड पूरे दिन बल्लेबाजी कर सकता था और सीरीज का नतीजा 1-1 हो सकता था, लेकिन बुमराह ने लंच के बाद पुरानी गेंद से शानदार गेंदबाजी की और रिवर्स स्विंग हासिल करते हुए दो ओवरों में ओली पोप और जॉनी बेयरस्टो के विकेट झटक लिए। उनकी इस शानदार गेंदबाजी की वजह से ही मैच भारत के पक्ष में हो गया।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *