टावर गिराने से पहले करीबी इमारतों की जांच होगी
नोएडा
नोएडा के सेक्टर-93ए स्थित सुपरटेक एमरॉल्ड सोसाइटी में बने दोनों अवैध टावरों को गिराने की कवायद शुरू हो गई है। सोमवार को सेंट्रल बिल्डिंग रिसर्च इंस्टीटयूट (सीबीआरआई) की टीम ने मौके पर आकर टावरों की जांच की। इसके बाद नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक कर इन दोनों टावरों के साथ-साथ आसपास अन्य रिहायशी टावरों का स्ट्रक्चर, फाउंडेशन व सरियों के डिजाइन से संबंधित प्लान मांगा है। इनके आधार पर करीब एक सप्ताह में टावरों को गिराने की कार्ययोजना तैयार कर सीबीआरआई नोएडा प्राधिकरण को देगी। टीम अपने साथ इस परियोजना की मानचित्र समेत कुछ जरूरी चीजें अपने साथ ले गई। सोमवार सुबह करीब सवा दस बजे सीबीआरआई के निदेशक एन गोपालकृष्णन व एक अन्य अधिकारी सुबीर सिंह मौके पर पहुंचे। इनके साथ नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल और नियोजन विभाग के अधिकारी थे। सीबीआरआई की टीम ने दोनों टावरों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अन्य टावरों से दोनों टावरों के बीच की दूरी, दोनों टावरों को ध्वस्त करने में क्या-क्या तकनीकी पक्ष हो सकते हैं, समेत अन्य बिंदुओं पर नोटिंग की। इसी आधार पर ध्वस्तीकरण की कार्ययोजना को तैयार किया जाएगा। किस तकनीक पर इनको गिराया जा सकता है, इसको लेकर मंथन किया। करीब पौने घंटे तक मौके पर रूकने और आरडब्ल्यूए से बातचीत के बाद सीबीआरआई की टीम नोएडा प्राधिकरण आ गई। यहां पर प्राधिकरण के आला अधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की योजना को लेकर बातचीत की। इस दौरान सीबीआरआई ने संबंधित दोनों टावर, आसपास के आवासीय टावरों का स्ट्रक्चर व फाउंडेशन प्लान मांगा है। इस प्लान के मांगे जाने के पीछे तर्क यह है कि इससे संबंधित टावरों को गिराने से पहले यह पता चल जाएगा कि आसपास की वो इमारतें जिनमें लोग रह रहे हैं, वह किस मजबूती से बनी हुई हैं ताकि सबकुछ प्रक्रिया सुरक्षित तरीके से हो सके।
जानकारी देने को बिल्डर को लिखा पत्र
महत्वपूर्ण यह है कि यह प्लान जानकारी नोएडा प्राधिकरण के पास नहीं होता है। प्राधिकरण अधिकारियों को बिल्डर से यह जानकारी लेनी होगी। बिल्डर को यह जानकारी देने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने पत्र लिख दिया है। दो-तीन दिन में नोएडा प्राधिकरण ने यह प्लान सीबीआरआई को मुहैया करा देगा। इसके बाद दो-तीन दिन उनको कार्ययोजना बनाने में लगेंगे। ऐसे में उम्मीद है कि एक सप्ताह में सीबीआरआई टावरों को गिराने की कार्ययोजना नोएडा प्राधिकरण को सौंप देगी।
विदेशी कंपनियों से मदद लेगी सीबीआरआई
सूत्रों की मानें तो सीबीआरआई टावरों को ध्वस्त करने के लिए विशेषज्ञ एजेंसी नहीं है। ऐसे में सीबीआरआई ने टावरों को गिराने के लिए अन्य नामी कंपनियों की मदद लेगी। इसमें यूएस, अफ्रीका में स्थित विदेशी कंपनियां भी शामिल हैं। उन्होंने आरडब्ल्यूए वालों को भरोसा दिलाया कि टावरों को गिराने का काम सुरक्षित तरीके से होगा। अधिकारिक सूत्रों की मानें तो संबंधित टावरों को तोड़ने में 1-2 करोड़ नहीं बल्कि 5-7 करोड़ से भी ज्यादा खर्चा आने की संभावना जताई जा रही है।
