कार सवार कारोबारी को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारी

नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली के द्वारका सेक्टर-5 में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने कार में बैठे एक शख्स को रविवार शाम चार गोलियां मार दी। राहगिर ने गाड़ी में घायल शख्स को देखकर मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची द्वारका साऊथ थाना पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका उपचार चल रहा है और घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायल 40 वर्षीय दीपक शर्मा द्वारका इलाके में रहते हैं और कूरियर कंपनी चलाते हैं। रविवार शाम वह अपने निजी काम से द्वारका सेक्टर-5 गए थे। जहां वह अपनी गाड़ी में मौजूद थे, इसी दौरान बाइक सवार अज्ञात हमलावर उनके पास पहुंचे और कार का शीशा ​नीचे करने का इशारा किया। जैसे ही दीपक ने कार का शीशा नीचे किया, आरोपियों ने उन्हें एक के बाद एक चार गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। वहां से गुजर रहे राहगिरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची द्वारका साउथ थाने की पुलिस टीम ने दीपक शर्मा को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस उपायुक्त द्वारका संतोष कुमार मीणा ने बताया कि रविवार शाम करीब 5:15 बजे के आसपास की है, जब पुलिस को गोली मारने की सूचना मिली थी। उन्हें गोली मारने की असली वजह का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने लूट में गोली मारने की बात से भी इंकार नहीं किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जां कर रही है।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *